क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर किया अपहरण : दस लाख मांगी फिरौती, पुलिस ने भेजा जेल
त्रिवेदीगंज/ बाराबंकी, अमृत विचार : अपहरण कर वसूली करने के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा है। लखनऊ के कुर्सी रोड 1/699 सेक्टर जे जानकीपुरम निवासी इन्द्र प्रकाश यादव ने लखनऊ पुलिस से की गई शिकायत में बताया था कि वह बीती 9 जुलाई को किसी काम से अपने परिचित मुन्ना यादव व राकेश मौर्या के साथ नगराम रोड़ लखनऊ गये थे। जहां पर कार में बैठकर हम लोग बातचीत कर रहे थे। तभी दुर्गेश शुक्ला अपने एक अन्य साथी के साथ आकर मेरी गाड़ी में बैठ गया। इसी बीच पुलिस का लोगो लगी एक बोलेरो गाड़ी आकर कार के पास रुकी।
जिसमें दुर्गेश शुक्ला के जानने वाले सवार थे। युवकों द्वारा अपने को बाराबंकी क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुये तलाशी ली गई। कुछ भी नहीं मिलने पर थाने ले जाने की बात कहते हुए जबरदस्ती हाइवे किनारे बनी एक बिल्डिंग के बेसमेंट में बने कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया और रिहाई के बदले दस लाख रुपए की मांग रखी। 40 हजार नकद व 75 हजार आनलाइन पेमेंट मिलने पर सभी को छोड़ा गया।
थाना अध्यक्ष दौमित्र सेन रावत का कहना है कि जांच के दौरान क्षेत्र के जसकापुर निवासी दुर्गेश कुमार शुक्ला, खैरा कनकू के अमरेश कुमार पाण्डेय, अंकित तिवारी व मंगलपुर निवासी प्रमोद वर्मा के नाम प्रकाश में आए। जिन्हें रविवार को मोधूपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- Joint Majistrate: यूपी में 2022 बैच के 14 IAS अधिकारियों को मिली तैनाती
