महिलाएं सशक्त होंगी तो देश और समाज भी सशक्त होगा: सीडीओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान का दूसरा चरण दो नवंबर से शुरू होगा जो 180 दिन तक चलेगा। इसकी विस्तृत कार्ययोजना को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर सीडीओ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए …

बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान का दूसरा चरण दो नवंबर से शुरू होगा जो 180 दिन तक चलेगा। इसकी विस्तृत कार्ययोजना को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर सीडीओ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

2 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान के पहले सप्ताह में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और मिशन शक्ति अभियान के तहत जरूरतमंद महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों के लिये दानोत्सव सप्ताह का आयोजन होगा जो 2 से 10 नवंबर तक चलेगा। इसमें गरीब, मलिन और जरूरतमंदों को कुछ सामान दिया जाएगा ताकि वह भी दीपावली खुशी से मना सकें। उन्होंने कहा दानोत्सव सप्ताह में यदि कोई कपड़ा आदि दान करना चाहता है तो वह दान दिये जाने वाले सामान की सूची व्हाट्सऐप नंबर 9627439908 पर शेयर कर सकता हैं। बैठक में उपस्थित स्वैच्छिक संगठनों ने सुझाव रखे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने बताया अभियान में प्रत्येक माह में एक-एक सप्ताह के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों के प्रति हिंसा के प्रकारों, संबंधित कानूनों प्राविधानों और महिला एवं बच्चों के लिये कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा 2 नवंबर से 9 नवंबर तक अर्बन हॉट में आयोजित मेले में अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग आदि विभागों के स्टाल लगाकर प्रचार-प्रसार किया जायेगा।

बैठक में सीवीओ ललित कुमार वर्मा ने बताया अभियान के तहत विभाग 200 महिलाओं को मुर्गी पालन से जोड़कर रोजगार उपलब्ध करा रहा है। डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया जनपद में 1058 सामुदायिक पिंक टोयलेट बनवाने के साथ ही कोरोना काल में साफ-सफाई के लिये एक हजार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार दिया गया है। उपायुक्त उद्योग आरआर गोयल ने बताया योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन से संचालित योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।

बैठक में स्वैच्छिक संगठन- सिद्धार्थ शिक्षा समिति, रोटरी क्लब, आजाद वेलफेयर सोसाइटी, वूमेन चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी, मुख्यमंत्री जन कल्याणकारी योजना, समर्पण एक प्रयास, शशि वेलफेयर सोसाइटी, माई पेडबैंक, मानव सेवा क्लब आदि के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार