बरेली:अपने अस्तित्व को ही नहीं बचा पा रहा इतिहास संग्रहालय

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली कॉलेज में 24 सितंबर 2018 को बना था संग्रहालय

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में बना इतिहास संग्रहालय खुद के अस्तित्व को बचाने के लिए जूझ रहा है। देखरेख के अभाव में संग्रहालय का भवन जर्जर स्थिति में पहुंच गया है, लेकिन कॉलेज प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। संग्रहालय के आसपास झाड़ियां और कूड़े के ढेर हैं।

24 सितंबर 2018 में इतिहास विभाग के पास संग्रहालय बनाया गया था, ताकि विद्यार्थियों को बरेली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से रूबरू कराया जा सके, लेकिन वर्तमान में संग्रहालय की हालत खराब है। इसके भवन की दीवारें दरक गई हैं। छत भी बदहाल है। संग्रहालय में अधिकांश समय ताला लटका रहता है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार इतिहास के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए समन्वयक को बुला कर ताला खुलवा दिया जाता है। देखभाल के अभाव में संग्रहालय के अंदर की स्थिति भी ठीक नहीं है। वेंटिलेशन और प्रकाश की उचित व्यवस्था नहीं है। धूल ने कई ऐतिहासिक वस्तुओं को प्रभावित किया है। खराब रखरखाव के कारण कीमती सामान की गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। इस संबंध में चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे ने बताया कि इतिहास संग्रहालय की स्थिति को लेकर प्रबंधन से चर्चा की जाएगी। संग्रहालय की पुनर्निर्माण और संरक्षण की दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि इसे सुरक्षित रखा जा सके।

संबंधित समाचार