पूर्व सपा प्रत्याशी पर रायफल लेकर दौड़ाने पर केस दर्ज : अमरनाथ मौर्या ने सपा के टिकट पर फूलपुर से लड़ा था चुनाव
प्रयागराज, अमृत विचार: धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम नगर इलाके में पार्क की जमीन को कब्जा करने के मामले में विवाद होने के बाद सपा नेता व फूलपुर पूर्व सांसद प्रत्याशी अमरनाथ मौर्या के खिलाफ धूमनगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। साथ ही उनके अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। सपा नेता व अन्य के खिलाफ धूमनगंज थाने के एस आई कुलदीप उपाध्याय ने कराई है।
दरोगा ने एफआईआर में लिखा है कि सोशल मीडिया, एक्स आदि प्लेटफार्म पर वीडियो वायरल हुआ जिसमें सपा नेता रायफल लेकर दौड़ा रहे हैं। कर्मचारी और जेसीबी वाले भाग रहे हैं। सपा नेता पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता देर रात तक धूमनगंज थाने में बैठे रहे। आश्वासन मिलने के बाद वह थाने से हटे थे। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। वहीं पार्क का विवाद किस जमीन कब्जे को लेकर हुआ है, इसकी जांच भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोंडा : धरना स्थल पर ही बैठकर डॉक्टरो ने मरीजों का किया इलाज
