पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसाः मां-बेटा समेत तीन की मौत, मवेशी को बचाने में पलटी कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोस्तपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे नहीं रूक रहे हैं। बुधवार की रात हुए हादसे में कार सवार मां-बेटा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मेहंदीपुर बालाजी का दर्शन कर सभी वापस लौट रहे थे। यह हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 149 पर हुआ। 

आजमगढ़ के सगड़ी तहसील के नगवा निवासी सर्वेश कुमार पुत्र शिवकुमार, पत्नी गीता व पुत्र युग और ममेरे भाई फूलपुर निवासी शैलेश प्रजापति व इनकी पत्नी संजू के साथ मेहंदीपुर बालाजी का दर्शन कर लौट रहे थे। कार जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 149 पर बुधवार की रात करीब दस बजे पहुंची तो अचानक सामने आए मवेशी को बचाने की कोशिश में वह पलट गई।

रफ्तार तेज होने के कारण वह पलटते हुए गाजीपुर-लखनऊ लेन पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे यूपीडा गश्ती दल के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडेय, ईगल पेट्रोलिंग दस्ते व एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने गीता देवी व युग को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल संजू प्रजापति, शैलेश प्रजापति व सर्वेश को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय संजू देवी की भी मौत हो गई। दोस्तपुर थाना प्रभारी पंडित त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसा किस वजह से हुआ, इस बारे में पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-IAS Transfer: UP में 13 आईएएस अधिकारियों के हुए तबादले, मुकेश चन्द्र बने बहराइच के नए CDO

 

संबंधित समाचार