Banda: बीएसए ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण; कोचिंग की आड़ में चल रहे स्कूलों को बंद करने की दी हिदायत
बांदा, अमृत विचार। जनपद की शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी इन दिनों खासी मशक्कत करते नजर आ रहे हैं। बीएसए ने गुरुवार को बड़ोखर खुर्द के करीब आधा दर्जन प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया और खामियों को दुरुस्त करने की हिदायत दी। क्षेत्र के परमपुरवा में कोचिंग की आड़ में बगैर मान्यता के एक स्कूल संचालित पाया गया। जिसे तत्काल प्रभाव से बंद करने और अग्रिम कार्रवाई की हिदायत दी गई।
गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी की निरीक्षण एक्सप्रेस बड़ोखर खुर्द विकासखंड के करीब आधा दर्जन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों पर पहुंची और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। बीएसए श्री तिवारी ने प्राथमिक विद्यालय नादिरपुरवा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोयरा मुगली, प्राथमिक विद्यालय गोयरा मुगली कंपोजिट, उच्च प्राथमिक विद्यालय परमपुरवा, प्राथमिक विद्यालय परमपुरवा और आर्या पब्लिक स्कूल परमपुरवा का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाएं परखीं।
उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय में साफ-सफाई, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र नामांकन बढ़ाने और विद्यालय में छात्र उपस्थिति बढ़ाने के दिशा निर्देश दिए। नादिरपुरवा में शिक्षा मित्र जेबा खान लंबे समय से अनुपस्थित चल रही हैं, ऐसे में उनका मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए हैं। बताया है कि कोचिंग की आड़ मंे संचालित आर्या पब्लिक स्कूल परमपुरवा के मान्यता संबंधी दस्तावेज नहीं मिले और न ही विद्यालय की मान्यता होने की जानकारी हुई। ऐसे में प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से विद्यालय बंद करने की सख्त हिदायत दी गई है।
