बहराइच: योगी और मोदी की तारीफ करने पर महिला को दिया तीन तलाक, पति समेत 8 पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जरवल/बहराइच, अमृत विचार। जिले के जरवल कस्बा निवासी एक महिला ने अयोध्या के विकास को देखकर योगी और मोदी की तारीफ कर दी। महिला जब अयोध्या ससुराल पहुंची तो पति ने प्रताड़ना करते हुए तीन तलाक दे दिया। गुरुवार को एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति समेत आठ के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जरवल रोड थाना क्षेत्र के जरवल कस्बा के मोहल्ला सराय निवासी मोहम्मद शरीफ ने अपनी पुत्री मरियम की शादी 13 दिसंबर 2023 को अयोध्या के कोतवाली नगर के मोहल्ला दिल्ली दरवाजा निवासी अरशद के साथ किया था। पिता ने बताया कि बेटी एक सप्ताह पूर्व अयोध्या घूमने निकली तो उसने अयोध्या की खूबसूरती देखकर योगी और मोदी की तारीफ कर दी। जिस पर उसका पति आग बबूला हो गया और उसे मायके भेज दिया।

दोबारा जब महिला अपने ससुराल गई तो पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला का आरोप है कि पति ने गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। सास के कहने पर उसके पति अरशद ने रसोई से गैस चूल्हे पर रखी गर्म दाल लाकर उसके चेहरे पर फेंक दी। जिससे वह झुलस गई और मारपीट कर महिला को घर से निकाल दिया।

पीड़ित मरियम ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। जिस पर महिला ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। एसपी वृंदा शुक्ला के निर्देश पर पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति अरशद , सास ,ससुर, ननद , देवर, देवरानी सहित आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ब्रिज प्रसाद ने बताया कि जांच के बाद गिरफ्तारी की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-UPPolice Exam: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा आज से, परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे अभ्यर्थी

संबंधित समाचार