पीलीभीत : दैनिक यात्री बोले बहुत हुए परेशान, पीलीभीत से मैलानी तक ट्रेन चलाने की मांग
पीलीभीत, अमृत विचार। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने दैनिक यात्रियों के साथ शुक्रवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर मंडल बरेली को संबोधित ज्ञापन में पूर्वोत्तर रेलवे की ब्रॉडगेज ट्रेनों को चलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया कि लखनऊ बरेली वर्ष 2018 तक मीटर गेज पर रेलों का संचालन सुचारू रुप से होता रहा। मगर 2018 के बाद मीटर गेज को ब्रॉडगेज में अमान परिवर्तन किया जा चुका है। लखनऊ से बरेली तक ब्रॉडगेज माल गाड़ियों का नियमित व सुचारू रूप से संचालन हो रहा है। यात्री ट्रेन न चलने से अधिवक्ताओं, छात्रों, व्यापारियों और अन्य जनसामान्य को काफी परेशानी हो रही है। डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ रहा है। आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। मांग की गई कि सुबह साढ़े सात बजे से मैलानी से पूरनपुर होते हुए और पीलीभीत से शाम साढ़े पांच बजे मैलानी तक ट्रेनों का संचालन किया जाए। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद अरशद, चांद बाबू, इमरान हुसैन, अरुण मिश्रा, हरिपाल, हरिओम व अन्य दैनिक यात्री थे।
