लखीमपुर खीरी: ट्रक से टकराई रोडवेज बस, एक यात्री की मौत चालक समेत छह घायल
पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बस का टायर फटने से हुआ हादसा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखनऊ से खमरिया आ रही हैदरगढ़ डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस थाना खमरिया क्षेत्र के जसवंतनगर के पास टायर फटने से अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक यात्री की मौत हो गई।
लखनऊ से सवारियां भरकर हैदरगढ़ डिपो की रोडवेज बस खमरिया आ रही थी। बहराइच रोड़ पर यशवंत नगर के पास बस का टायर फट जाने के कारण अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक में टकरा गई, जिससे रोडवेज ड्राइवर रविन्द्र कुमार(45) चालक के पीछे सीट पर बैठे यात्री विजय शर्मा (45) पुत्र परमेश्वर निवासी राजापुर लखीमपुर, बस परिचालक राम प्रकाश शुक्ल समेत सात लोग घायल हो गए। विजय शर्मा कस्बा खमरिया स्थित गोविंद शुगर मिल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चालक, परिचालक और यात्री विजय शर्मा को जिला अस्पताल भेजा, जहां यात्री विजय शर्मा की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बस में बैठी अन्य सवारियां सुरक्षित रहीं। यदि बस पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मिनी बस से टकराया ई रिक्शा ई रिक्शा चालक घायल
धौरहरा से लखीमपुर जा रही एक प्राइवेट मिनी बस कफारा महादेव क्रेसर के पास सामने से आ रहे ई रिक्शा से टकरा गई। जिससे ई रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ई रिक्शा चालक सत्य पाल सिंह (25) पुत्र विजय सिंह निवासी लोहरीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कफारा चौकी पुलिस की पीआरवी 112 ने घायल को सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा, जहां से डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
