भाजपा विधायक को मिली फोन पर धमकी : परिवार सहित जान से मार डाल दूंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

व्हाट्सएप कॉल करके चार मिनट तक की अभद्रता,प्रकरण सत्ताधारी विधायक का होने के चलते पुलिस विभाग में मची खलबली

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर किया गिरफ्तार, पहले भी विधायक से मांगी जा चुकी है 10 लाख की रंगदारी

शाहजहांपुर/ जैतीपुर, अमृत विचार :  मीरानपुर कटरा विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस को व्हाट्सएप कॉल पर एक व्यक्ति ने परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। आरोपी चार मिनट तक विधायक के साथ अभद्रता करता रहा। प्रकरण सत्ताधारी विधायक का होने के चलते पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत हरकत में आई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चंद घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विधायक से पहले भी दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा चुकी है। दूसरी बार विधायक के साथ इस तरह की घटना होने से मामला काफी गंभीर माना जा रहा है।

थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी विधायक के निजी सहायक जगवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह विधायक के निजी सहायक हैं। विधायक का निजी कार्य देखते हैं। जगवीर ने बताया कि 19 अगस्त को सुबह 11:30 बजे विधायक के फोन नंबर 9956642336 पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आई, जिसमें उस अनजान व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए परिवार सहित जान से मारने की धमकी देते हुए चार मिनट बाद फोन काट दिया। दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कॉल करने वाले अज्ञात असामाजिक व्यक्ति से विधायक और उनके परिवार को भविष्य में जानमाल का खतरा हो सकता है।

अगर भविष्य में विधायक या उनके परिवार के साथ किसी प्रकार की घटना होती है तो अज्ञात व्यक्ति जिम्मेदार होगा। जैतीपुर पुलिस ने मामले की अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(4) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच उपनिरीक्षक संजीव कुमार को दी गई, इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सर्विलांस के जरिये उस नंबर को ट्रेस किया गया, जिससे विधायक के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल की गई थी। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने थाना मदनापुर के गांव चाहरपुर निवासी अर्जुन उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 170,126,133 के तहत कार्रवाई की गई है।

विधायक से 10 लाख रुपये की मांगी गई थी रंगदारी

वर्ष 2018 में कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस को व्हाट्सएप पर मैसेज कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उन दिनों प्रिंस के अलावा प्रदेश के नौ अन्य विधायकों को भी इसी तरह से व्हाट्सएप पर मैसेज कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। विधायक ने तत्कालीन एसपी एस चनप्पा को मामले की जानकारी देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अन्य विधायकों ने भी अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि भाजपा विधायक वीर विक्रम प्रिंस के निजी सहायक जगवीर सिंह की तहरीर पर विधायक व उनके परिवार को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में मदनापुर के गांव चाहरपुर निवासी अुर्जन उर्फ छोटे का नाम सामने आने पर उसे हिरासत में लेकर धारा 170,126,133 के तहत कार्रवाई की गई है। विधायक की सुरक्षा के लिए ड्यूटी लगाई गई है। 

यह भी पढ़ें- The Diary of Best Bengal के डायरेक्टर मुख्यमंत्री को सुनाएंगे कहानी: पश्चिम बंगाल पुलिस के नोटिस से परेशान होकर छोड़ी मायानगरी

 

संबंधित समाचार