आगरा: ताकि ईडी या सीबीआई के नाम पर न हो ठगी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मथुरा की घटना के चलते आगरा में पुलिस कमिश्नर ने सभी को किया सतर्क
आगरा, अमृत विचार। मथुरा में एक व्यापारी के घर पर फर्जी ईडी की टीम ने छापेमारी की कोशिश की, लेकिन व्यापारी की सजगता के कारण टीम को वहां से भागना पड़ा। इस घटना के तुरंत बाद, स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है और केस दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के बाद लोगों को ऐसी घटनाओं से बचाने के लिए आगरा पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने एडवाइजरी जारी की है।
आगरा पुलिस कमिश्नर की एडवाइजरी के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति ईडी, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसी का दावा करता है, तो उनके पहचान पत्र और कार्यालय के आदेश पत्र की जांच करें व उनके आधिकारिक संपर्क/ कॉल करके पुष्टि जरूर करें। यदि आपके घर, ऑफिस, फैक्ट्री आदि पर कोई भी टीम छापेमारी या जांच के लिए आती है, तो पहले संबंधित थाने से इस बात की पुष्टि करें कि वह टीम वास्तव में वैध और अधिकृत है, इससे आप यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि कोई भी फर्जी टीम आपके घर पर छापेमारी करने का प्रयास तो नहीं कर रही है। किसी भी संदिग्ध टीम या व्यक्ति द्वारा छापेमारी के नाम पर आपके घर पर आने पर उनके दस्तावेज और पहचान की पूरी जानकारी प्राप्त करें। यदि आपको किसी भी प्रकार की शंका होती है, तो तुरंत संबंधित थाने से संपर्क करें और पुष्टि करें। कोई भी व्यापारी/ज्वैलर्स यदि अपने घर, ऑफिस, फैक्ट्री आदि से बड़ी मात्रा में कैश/ज्वैलरी लेकर जाते हैं तो संबंधित थाने को इस बात की जानकारी दें ताकि आपको प्रोटेक्शन दिया जा सके।
अपने स्टाफ और परिवार को भी करें जागरूक
आवागमन के रास्ते में कोई बदमाश किसी विभाग/संस्था की टीम का नाम बताकर अथवा किसी विभाग/संस्था का सर्च वारंट आदि दिखाकर नकदी को सीज करने का बहाना बनाकर आपके साथ कोई घटना न घटित कर सके। इसके लिए अपने घर, ऑफिस, फैक्ट्री आदि में काम करने वाले कर्मचारियों व अपने परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षा नियमों और प्रक्रियाओं के सम्बन्ध में समय-समय पर आवश्यक रूप से जागरूक करें। घर, ऑफिस, फैक्ट्री आदि में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवायें। ऑफिस, फैक्ट्री आदि की सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रशिक्षित गार्ड को नियुक्त करें व उन्हें सुरक्षा नियमों और प्रक्रियाओं के संबंध में अवश्य बतायें।
