रामपुर: दर्दनाक...पानी की बाल्टी में डूबकर डेढ़ साल के मासूम की मौत, खेलते वक्त हुआ हादसा
दढ़ियाल के नगर के मोहल्ला मिलक हस्सान में हुई दर्दनाक घटना
रामपुर/दढ़ियाल, अमृत विचार। नगर के एक मोहल्ले में खेलते समय एक बच्चा बाथरूम में पानी की बाल्टी में डूब गया। परिजनों ने बच्चे को आनन-फानन में निजी चिकित्सक को दिखाया। निजी चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर हाथ खड़े कर दिए। उत्तराखंड के बाजपुर लेकर जाते समय बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजनों का बुरा हाल था।
नगर के मोहल्ला मिलक हस्सान में आबिद अली का परिवार रहता है। आबिद अली की ढाई साल पूर्व नाजमा बेगम से मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार शादी हुई थी। बताया जाता है कि आबिद अली का डेढ़ साल का बेटा मोहम्मद फरहान शुक्रवार रात लगभग 9 बजे घर में खेल रहा था। परिवार के लोग अपने कामों में व्यस्त थे। खेलते-खेलते मोहम्मद फरहान किसी समय घर में बने बाथरूम में पहुंच गया और पानी की बाल्टी में डूब गया। जब कुछ समय तक मोहम्मद फरहान परिजनों को दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश की। आसपास के पड़ोस में देखने के बाद जब किसी को भी मोहम्मद फरहान नहीं मिला तो, किसी ने बाथरूम में जाकर देखा तो मोहम्मद फरहान बाथरूम में रखी पानी की बाल्टी में डूबा हुआ था। चीख पुकार की आवाज सुनकर परिजन बाथरूम की ओर भागे। बाल्टी में भरे पानी में से मोहम्मद फरहान को निकालकर निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। हालत गंभीर होने पर निजी चिकित्सक ने हाथ खड़े कर दिए। परिजन अच्छे उपचार के लिए मोहम्मद फरहान को उत्तराखंड के बाजपुर लेकर जाने लगे लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजनों का बुरा हाल था। शनिवार को बच्चे के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
