लखीमपुर खीरी: खूंखार कुत्ते ने आशा वर्कर समेत तीन को काटा, गुस्साए ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला
दो पालतू पशुओं को नोच कर किया जख्मी, गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर पीटकर मार डाला
बिजुआ (लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। बाघ और भेड़िये के बाद अब कुत्ते भी खूंखार होकर जानलेवा हो रहे हैं। देर रात बिजुआ क्षेत्र में एक खूंखार कुत्ते ने घर के बाहर सो रही एक महिला, एक लड़के व एक आशा कार्यकर्ती को बुरी तरह से नोच कर घायल कर दिया। वहीं दो मवेशियों को भी काटकर जख्मी कर दिया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को मार डाला।
बुधवार की देर रात बिजुआ क्षेत्र के नौसर जोगी गांव में एक खूंखार कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। नौसर गुलरिया के उप स्वास्थ्य केंद्र पर पूजगांव थाना फूलबेहड़ निवासी आशा कार्यकर्ती सुमन बाजपेयी एक प्रसूता को केंद्र पर डिलीवरी कराने आई थी। रात करीब दो बजे सुमन बाजपेयी केंद्र के बाहर बेंच पर लेटी थी तभी कहीं से आये एक खूंखार कुत्ते ने आशा कार्यकर्ती के ऊपर हमला कर शरीर के कई अन्य जगहों पर काट लिया। जिसके बाद कुत्ते ने घर के बाहर सो रही नौसर जोगी निवासी बुजुर्ग महिला मूला देवी (60) पत्नी राम विलास व पुनीत कुमार (17) पुत्र कुलदीप कुमार पर हमला बोल दिया और नोचकर जख्मी कर दिया।
इसके बाद भी कुत्ते का हमला रुका नही और कुत्ते ने टेकन लाल वर्मा की गाय व ओमप्रकाश कश्यप की भैंस की पड़िया को काट लिया। घटना के बाद गांव में हुए हो हल्ला के बाद एकत्र हुए नाराज ग्रामीणों ने रात में ही खूंखार कुत्ते को पीट पीटकर मार डाला। वहीं घटना के बाद दो घायलों को बिजुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया और आशा कार्यकर्ती सुमन बाजपेयी की हालत को नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बस्ती हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
