भैंस चोरी करने आए बदमाशों ने बुजुर्ग पर बोला हमला : लाठी-डंडों से पीटकर किया अधमरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/ बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में पिकअप से भैंस चोरी करने आए आधा दर्जन बदमाशों ने गांव के बाहर स्थित हाता पर जानवरों की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग को बंधक बनाकर मार पीटकर मरणासन्न कर दिया। पशुओं की चिल्लाने की आवाज पर जगे ग्रामीणों ने हाता पर जब वृद्ध को नहीं पाया, तो गांव के बाहर टॉर्च लेकर निकल पड़े। लोगों के आने की आहट पर चोर पिकअप लेकर भाग निकले। घटना के संबंध में पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है।

ग्राम दुर्गापुर निवासी गोकरन पुत्र चेतराम ने बताया कि रोज की तरह बीती रात को गांव के बाहर स्थित हाता पर जानवरों की रखवाली के लिए लेटा हुआ था। देर रात किसी के आने की आहट सुनकर नींद खुल गयी। जब टॉर्च लगाकर देखा तो बैरिकेटिंग हेतु रस्सी से बंधी बल्लियां खुली हुई थीं। शक होने पर सड़क की ओर बढ़ा, तभी पीछे से अज्ञात नकाबपोश लोगों ने दबोच लिया। मारते पीटते व रोड पर घसीटते हुए गांव के बाहर लगे पीपल के पास खड़ी अपनी पिकअप के पास ले जाकर पीट पीटकर मरणासन्न कर दिया। हाता पर बंधे जानवरों के चिल्लाने की आवाज सुनकर जगे ग्रामीणों ने जाकर देखा तो उसे नहीं पाया।

तभी खोजने के लिए गांव के बाहर निकल पड़े। टार्च की लाइट व ग्रामीणों का शोर शराबा सुनकर अज्ञात बदमाश पिकअप पर सवार होकर हाईवे की ओर भाग निकले। प्रार्थी लड़खड़ाते हुए गिरते पड़ते जंगल से जब मार्ग पर आया तो ग्रामीणों ने घायल अवस्था में उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं ग्राम पंचायत में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगालने पर वह निष्प्रयोज मिले। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सीसीटीवी कैमरे संचालित होते तो घटना कारित करने वाले अपराधियों की पहचान हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- डीजीपी कार्यालय में तैनात दरोगा के बेटे को तेज रफ्तार बस ने कुचला, मौत

संबंधित समाचार