कासगंज: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बाइक, चालक की पेड़ से टकराकर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

फर्रुखाबाद जिले के कंपिल से गंगा जल भरकर ला रहा था युवक गांव

पटियाली, अमृत विचार। अलीगंज बदायूं मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक गांव अशोकपुर के निकट खाई में गिर गई। चालक पेड़ से टकरा गया। जिससे युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एटा जनपद के थाना जैथरा के गांव नगला चेतराम निवासी सुरजीत सिंह पुत्र श्रीकृष्ण बाइक से गांव लौट रहा था। जैसे ही उसकी स्पलेंडर बाइक अशोक पुर गांव के निकट पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। चालक उछल कर पेड से टकरा गया। जिससे सुरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के तहेरे भाई अतवीर सिंह ने बताया कि सुरजीत बाइक से जल लेकर कंपिल से लौट रहा था। रास्ता भूल जाने के कारण वह पटियाली की ओर निकल आया। अशोकपुर गांव के निकट बाइक खाई में गिर गई। वह उछल कर पेड़ से टकरा गया। उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की बाइक खाई में गिर गई थी। वह पेड़ से टकरा गया था। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घर का एकलौता चिराग था सुरजीत 
हादसे में सुरजीत की जान चली गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सुरजीत अपने पिता का एकलौता बेटा था। वह घर का चिराग था। उसकी शादी पांच वर्ष पहले अंजू नाम की युवती से हुई थी। मृतक के मौसरे भाई नीशू ने बताया उसकी दो बेटियां है। बड़ी वेटी जानवी और छोटी बेटी वंदना है। अनहोनी घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

संबंधित समाचार