लखीमपुर खीरी: तमंचे की नोक पर नेपाली युवक से पौने तीन लाख रुपये की लूट
भारत-नेपाल सीमा पर कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र में हुई वारदात
बेलरायां, अमृत विचार। तिकुनिया कस्बे से पौने तीन लाख रुपये की नकदी लेकर नेपाल वापस जा रहे एक युवक को गंगानगर के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया। उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर रुपये व मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल निवासी टीकाराम ने बताया कि उसके बहनोई मुंबई में काम करते हैं। उसके बहनोई और तिकुनिया में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान मालिक के बीच गहरी दोस्ती है। बहनोई ने इलेक्ट्रॉनिक शॉप के खाते में रुपये ट्रांसफर किए थे। बुधवार को वह रुपये लेने व्यापारी की दुकान पर गया, जहां से व्यापारी ने उसे नेपाली करेंसी के पौने तीन लाख रुपये दिए। वह रुपये लेकर अपने घर वापस नेपाल जा रहा था। गांव बनवीरपुर-दीप नगर के बीच गंगानगर के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। वह कुछ समझ पाता। इससे पहले ही बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी देते हुए नेपाली करेंसी व मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद उसने शोर मचाया। शोर शराबा होने पर राहगीर भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो गए। लूट की सूचना पर कोतवाली तिकुनियां प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस गहराई से मामले की जांच कर रही है।
