कासगंज: बारिश का कहर... भरभराकर गिरी मकान की दीवार, मलबे में दबे दंपति, पत्नी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नायब तहसीलदार पहुंचे मौके पर, शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

कासगंज, अमृत विचार। पटियाली तहसील इलाके में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। दंपति मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों दबे दंपति को मलबा हटाकर बाहर निकाला गया। परिजन उपचार को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला की मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ। हादसे की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश पुलिस को दिए है।

घटना बुधवार देर रात की है। जहां लगातार हो रही बारिश के कारण ग्राम नगला चक में एक मकान की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। वहीं पड़ोस में टीन शेड डालकर रह रहे दंपति दीवार के मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुन तमाम ग्रामीणों एकत्रित हो गए। मलबे में दबे दोनों लोगों को कड़ी मशक्त के बाद 55 वर्षीय रूपकिशोर और उसकी पत्नी 50 वर्षीय मीरा को मलबे से बाहर निकाला। आनन फानन में परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाते ही थाना पुलिस और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, थाना पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस अनहोनी के बाद मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शासन से मिलने वाली सहायता राशि को मृतक के परिजनों को दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार