बदायूं: भगवा झंडा हटाकर लहराया इस्लामिक परचम तो विश्व हिंदू परिषद ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पहले पुलिस ने हटवाए दोनों झंडे, विरोध करने पर दोबारा लगाया गया भगवा झंडा

ओरछी, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने बीएसएनएल के टॉवर पर भगवा झंडा हटाकर इस्लामिक परचम लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हिंदू संगठनों ने विरोध करते हुए नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक सिपाही को टॉवर पर भेजकर इस्लामिक झंडा उतरवाया। सूचना मिलने पर एसडीएम भी पहुंचीं। भगवा झंडा दोबारा लगाया गया। विश्व हिंदू परिषद की ओर से 10 आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

मामला थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र की नगर पंचायत मुड़िया धुरेकी का है। नगर में स्वास्थ्य केंद्र के पास बीएसएनएल का टॉवर लगा है। पिछले दिनों हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर टॉवर के ऊपर भगवा झंडा लगा दिया गया था। शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने टॉवर पर भगवा झंडा उतारकर नीचे की साइड लगा दिया। जो कुछ फट गया था। साथ ही इस्लामिक झंडा ऊपर लगा दिया। शनिवार सुबह किसी ने भगवा की बजाय इस्लामिक झंडा देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। विश्व हिंदू परिषद के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। फैजगंज बेहटा के प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिसौली एसडीएम राशि कृष्णा और बिसौली कोतवाल बृजेश सिंह आ गए। विरोध कर रहे लोगों को समझाया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। प्रभारी निरीक्षक ने सूझबूझ दिखाई और चेयरमैन पति वैभव मिश्रा को बुलाया। उन्होंने लोगों का गुस्सा शांत कराया। इस्लामिक और भगवा झंडा नीचे उतरवा दिए। पहले से लगा भगवा झंडा उतरते ही संगठन के लोग विरोध में आ गए। जय श्री राम के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। तब पुलिस ने भगवा झंडा दोबारा लगवा दिया। विश्व हिंदू परिषद ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। क्षेत्र में शांति बनी हुई है।

कई दिनों से चल रही है माहौल बिगाड़ने की कोशिश
क्षेत्र के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश लगातार जारी है। कुछ दिन पहले गांव पिपरिया क्षेत्र के युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह लोग हिंदुस्तान मुर्दाबाद और अन्य देश विरोधी नारे लगा रहे थे। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की। जिसके बाद मामला शांत हो गया था।

संबंधित समाचार