कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, दिया धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार: कांग्रेस ने प्रदेश में कानून व्यवस्था, दुराचार और अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन किया, धरना दिया और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया खुद ही न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे हैं। 

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही। बलात्कार और अत्याचार के मामले बढ़ गए। इसके विरोध में बुधवार को कांग्रेसी प्रेस क्लब के पास एकत्र हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में नारे लगाते हुए कचहरी कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। लेकिन कचहरी का गेट पुलिस ने बंद कर दिया। फोर्स की तैनाती कर दी गई। कांग्रेसियों ने यहां कुछ देर हलचल मचाई। कहा कि उन्हें जिलाधिकारी से नहीं मिलने दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी गेट पर ही धरने पर बैठ गए, नारेबाजी की। 

इससे पूर्व प्रेस क्लब पर प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खस्ताहाल है। प्रदेश सरकार के मुखिया जाति और धर्म देखकर अपराधियों और निर्दोषों पर कार्रवाई करवा रहे हैं। वह खुद ही न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे हैं। अपराधी मुख्यमंत्री कार्यालय से चिन्हित किए जा रहे हैं। उन पर मुख्यमंत्री के इशारे पर गैर कानूनी तरीके से कार्रवाई की जा रही है। जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा लोकसभा चुनाव में पराजय से भाजपा बौखला गई है। हताशा भरी कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस इसका विरोध करती है। महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने कहा महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। दुराचार की घटनाएं बढ़ी हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा हाफ हुई है, विधानसभा चुनाव में भाजपा साफ हो जाएगी।

जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने बुलडोजर को अपना ब्रांड एंबेसडर बना लिया था, बुलडोजर को ही न्याय का प्रतीक बना दिया गया था, पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से बुलडोजरी सोच का ध्वस्तीकरण हो गया। प्रदर्शन में एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, सुल्तानपुर के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, अंबेडकरनगर से सुनील मिश्रा, महिला जिलाध्यक्ष रेनू राय, सविता यादव, दयावती, दिनेश शुक्ला, शैलेंद्र पांडे,पीसीसी संजय तिवारी, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, अमरीश पांडे, प्रवीण श्रीवास्तव, करन त्रिपाठी, उमेश उपाध्याय, मिल्कीपुर के पूर्व प्रत्याशी बृजेश रावत, राम सागर रावत सहित अन्य लोग थे।

यह भी पढ़ेः लखनऊ विश्वविद्यालय के 5 वैज्ञानिक विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में शामिल

संबंधित समाचार