कासगंज: वेतन न मिलने तक जारी रहेगी पालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

ठेका कर्मियों के चार माह का वेतन न मिलने पर दिया धरना

कासगंज, अमृत विचार। ठेका सफाई कर्मियों के चार माह का वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने गांधी मूर्ति पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है और वेतन न मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने पालिका के प्रशासन विरोधी नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया है।

स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी ने कहा कि कासगंज नगर पालिका प्रशासन हठधर्मी बना हुआ है। नगर पालिका के 150 ठेका सफाई कर्मचारियों को बीते चार माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। जबकि कर्मचारियों के परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उनके सामने रोटी का संकट है, लेकिन न तो पालिकाध्यक्ष और न ही अधिशासी अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं की ओर ध्यान दे रहे हैं, कर्मचारी परेशान हैं। जब तक कर्मचारियों के चार माह के वेतन का भुगतान नहीं हो जाता तब तक सफाई कर्मचारियों की कामबंद हड़ताल और धरना प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा। मुकेश बाल्मिकी, मुकेश कुमार, लवजीत, आकाश, रामखिलाड़ी, सुखराम, रमेश, भरत, सुनील बाल्मिकी मौजूद रहे। 

धरना स्थल पर पहुंचकर एमएलसी ने जानी समस्याएं 
गांधी मूर्ति पर पालिका के विरुद्ध धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचकर एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने उनकी समस्या जानी। कर्मचारियों को हड़ताल एवं धरना समाप्त करने के लिए मनाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। नगर हित में हड़ताल और धरना समाप्त कर दें, लेकिन हड़ताली कर्मचारी नहीं माने। एमएलसी के अलावा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों की व्यथा सुनी।

संबंधित समाचार