बरेली: ट्रेन में यात्रा के लिए अब ऑनलाइन बनेगा दिव्यांगों का कार्ड
बरेली,अमृत विचार। ट्रेन में यात्रा करने के लिए अब दिव्यांजनों को रियायती कार्ड बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। उनकी सहूलियत के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने एक नई वेबसाइट लांच की है। जहां कोई भी दिव्यांग बस कुछ कागजात अपलोड करके अपना कार्ड बनवा सकता है। रेलवे दिव्यांगजनों को …
बरेली,अमृत विचार। ट्रेन में यात्रा करने के लिए अब दिव्यांजनों को रियायती कार्ड बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। उनकी सहूलियत के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने एक नई वेबसाइट लांच की है। जहां कोई भी दिव्यांग बस कुछ कागजात अपलोड करके अपना कार्ड बनवा सकता है।
रेलवे दिव्यांगजनों को यात्रा में छूट प्रदान करता है। इसके लिए दिव्यांगों को एक दिव्यांग कार्ड बनवाना होता है। पहले यह कार्ड बनवाने के लिए दिव्यांगों के लिए मंडल कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे। इसके बाद उनकी सुविधा के लिए सभी स्टेशनों से यह कार्ड बनवाने के आदेश जारी हुए। मगर अब जब इसमें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो मंडल ने दिव्यांग कार्ड बनवाने के लिए भी ऑनलाइन प्रक्रिया कर दी।
अब कोई भी दिव्यांग ww.divyangsahayak.com वेबसाइट पर जाकर अपना दिव्यांग कार्ड बनवा सकता है। इसके लिए सीएमओ द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पहचान पत्र की आवश्यकता होगी। वेबसाइट पर जाकर व्यक्ति को अपना एक एकाउंट बनाना होगा। इसके बाद सभी दस्तावेजों को अपलोड करना होगा। पूरी जानकारी के बाद कार्ड के लिए आवेदन करना होगा। कार्ड आवेदन के कुछ ही दिनों के बाद डाक के माध्यम से वह दिव्यांग के घर पहुंच जाएगा।
“दिव्यांगों की मदद के लिए ही यह वेबसाइट लांच की गई है। कार्ड बनवाने के लिए एक सीएमओ द्वारा जारी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पहचान पत्र की अवश्यकता होगी।” -नरेश, सहायक वाणिज्य मंडल प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल
