लखीमपुर खीरी: मनरेगा में फर्जीवाड़ा...ऑनलाइन हाजिरी में 65 मजदूर, पर मौके पर काम कर रहे आधे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्जी हाजिरी दर्ज कर सरकारी धन की हो रही बंदरबांट

बेहजम,अमृत विचार। ग्राम पंचायत मूड़ा अर्जुन में तालाब की खुदाई हो रही है। इसमें ऑन लाइन 65 मजदूरों की उपस्थित लगाई जा रही है। जबकि मौके पर इनकी संख्या आधी ही दिख रही है। यह खेल ग्राम पंचायत के दो तालाबों की खुदाई में हो रहा है। मगर, जिम्मेदार मौके पर जाकर ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति के अनुसार मजदूरों का सत्यापन करने की बजाय अनिभिज्ञता जता रहे हैं। इतना ही नहीं इन मनरेगा मजूदरों में ग्राम प्रधान का भतीजा भी मजदूरी कर रहा है।

ग्राम सभा मूड़ा अर्जुन में दो तालाबों की खुदाई और सफाई के लिए मनरेगा योजना के तहत आईडी जनरेट हुई है। इसके लिए 20 सितंबर को 4707, 4708, 4709, 4710, 4712, 4713, 4714 सात मास्टर रोल जारी हुए, जिसमें से छह पर 10-10 मजदूर कार्य करते दिखाए गए हैं, जबकि 4710 पर मात्र  पांच। इस तरह इन सातों मास्टर रोल पर कुल 65 मजदूर कार्य करते दिखाए गए हैं। मगर, मौके पर 65 की जगह 32 मजदूर ही तालाब पर काम कर रहे हैं। इसी तरह 21 सितंबर को 64, 22 सितंबर को 65, 23 सितंबर को 65 और 24 सितंबर को 65 मजदूर तालाब पर कार्य कर रहे हैं। जबकि इन सभी दिनों में कार्य करने वाले मजदूरों की संख्या आधी ही रही है। तालाबों पर कार्य कर रहे मजदूरों के मुताबिक यदि 65 लोग काम करते होते तो यह काम कबका पूरा हो गया होता।

संबंधित समाचार