KGMU में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से एक लाख ठगे, रुपए वापस मांगने पर आरोपी ने की गाली-गलौज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीआरओ कार्यालय का कर्मी बताकर फंसाया, डीजीपी मुख्यालय के निर्देश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

लखनऊ, अमृत विचार। केजीएमयू पीआरओ ऑफिस में तैनात कर्मचारी ने हॉस्पिटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से एक लाख रुपए ऐंठ लिए। नौकरी न मिलने पर पीड़िता ने रुपए वापस मांगे तो नेता, विधायक का करीबी बता धमकाया। डीजीपी मुख्यालय के निर्देश पर तालकटोरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

मूल रूप से बांगरमऊ उन्नाव निवासी सुमन देवी गौतम तालकटोरा के आलमनगर इलाके में परिवार संग किराए पर रहती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ वक्त पहले बाजारखाला के हैदरगंज निवासी शुभम शर्मा से मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को केजीएमयू हॉस्पिटल में पीआरओ कार्यालय का कर्मचारी बताया। फिर अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाते हुए केजीएमयू में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आश्वासन दिया कि सिर्फ एक लाख रुपए खर्च कर नौकरी मिल सकती है। 

सुमन ने बताया कि जेवर गिरवी रखकर दो बार में एक लाख रुपए दिए। कुछ समय बाद पीड़िता ने नौकरी के लिए बात की तो आरोपी ने टालमटोल की। रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज की। सुमन ने बाजारखाला और तालकटोरा थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सुमन ने डीजीपी मुख्यालय में शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर तालकटोरा पुलिस ने शुभम शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें:-Aadhaar Card: ई-पॉश मशीनें नहीं पढ़ पा रहीं घिसी अंगुलियों की लकीरें, आधार कार्ड बनवाने से लेकर बायोमीट्रिक और संशोधन को उमड़ रही भीड़

संबंधित समाचार