शाहजहांपुर: घर के बाहर चारपाई पर सो रहे ग्रामीण की गला रेतकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

रुपयों के लेनदेन में दो लोगों पर रंजिशन हत्या का लगाया आरोप

शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना कांट की ग्राम पंचायत कदरदादपुर उर्फ लिलथरा के मजरा यादव गौटिया में एक ग्रामीण की सोमवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव मंगलवार सुबह घर के बाहर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले  की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई देशराज ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें दो लोगों पर रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है।

देशराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे जब वह खेत की रखवाली करके घर लौटे तो घर के बाहर पाकड़ के पेड़ के नीचे लेटे भाई मोरपाल को आवाज दी लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। पास जाकर देखा, तो पता चला कि किसी धारदार हथियार से भाई का गला काटा गया है। देशराज ने बताया कि थाना कलान क्षेत्र के हथिनी नगरिया और ग्राम ढुकुरिहाई निवासी दो लोगों के साथ भाई मोरपाल का रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते भाई की हत्या की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

संबंधित समाचार