रामपुर में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती, शहर विधायक बोले- बापू की अस्थियां दफन होना गर्व की बात
गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन करते शहर विधायक एवं अन्य।
रामपुर, अमृत विचार। जिले भर में बुधवार को महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। गांधी समाधि पर ध्वजारोहण करने के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा, यहां के लिए गर्व की बात है कि राजघाट के बाद बापू की अस्थियां रामपुर में दफन हैं। जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह ने लोगों को शपथ ग्रहण कराई।
बुधवार सुबह 6:30 बजे गांधी समाधि से सद्भावना दौड़ शुरू हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं के स्कूलों से निकाली गईं प्रभात फेरियां गांधी समाधि पर पहुंचने लगीं। यहां सुबह 8:30 बजे शहर विधायक ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रीय गान हुआ और रामधुन गाई गई। इससे पहले शहर विधायक और जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विधायक ने सद्भावना दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाइ। गांधी समाधि पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन तृप्ति माहौर ने किया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली, पालिकाध्यक्ष पति मामून शाह खां, अवतार सिंह समेत स्कूल बच्चे मौजूद रहे। स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। उधर, लॉर्ड बुद्धा सिटी इंटरनेशनल स्कूल न्यू कपिलवस्तु मिलक में महात्मा गांधी की जयंती मनाई गई। राष्ट्रीय मानवाधिकार एडं एंटी करप्शन मिशन द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गांधी समाधि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। स्कूली बच्चों और लोगों को मिठाई बांटी।
भाजपाइयों ने चलाया सफाई अभियान
भाजपाई मुख्य बाजार स्थित हिंदू समाज कल्याण धर्मशाला में एकत्र हुए। यहां महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। कोतवाली में कोतवाल संदीप त्यागी समेत पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
जेल में बंदियों को बांटे फल
उप्र अपराध निरोधक समिति एवं वीर खालसा सेवा समिति की ओर से जेल में बंद महिला बंदियों, उनके बच्चों एवं पुरुष बंदियों, कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों को फल, चॉकलेट बांटी। प्रान्तीय सचिव डॉ. जीके पाठक, सदस्य केन्द्रीय कार्यकारिणी डॉ. अशोक कुमार सिंह, प्रान्तीय सचिव, जिला सचिव गजाली खां, समाजसेवी नसीम मलिक मोहम्मद गुलाब खां उपस्थित रहे। वीर खालसा सेवा समिति की ओर से अवतार सिंह ने फल वितरित किए। जेल अधीक्षक प्रशान्त मौर्य, जेलर कुश कुमार सिंह ने सभी का आभार जताया। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने कार्यालय में स्टाफ को शपथ ग्रहण कराई। उधर, गांव ककरौआ में आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य उप केन्द्र पर महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
गांधी जयंती पर हुई फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
स्वार तहसील की स्वयंसेवी संस्था एमजेए फाउंडेशन की ओर से ग्राम लालूनगला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी का वितरण किया गया। संस्था के डायरेक्टर मोहम्मद फैजान ने बताया कि हमारी संस्था काफी लंबे समय से विभिन्न विद्यालयों में जाकर राष्ट्रीय पर्व पर मदद करने पहुंच जाती है। उधर, पटवाई स्थित तारक एजुकेशनल अकादमी में गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में रानी लक्ष्मीबाई, चंद्र शेखर आजाद, गांधी जी, लाल बहादुर शास्त्री, मदर टेरेसा महापुरुषों की वेशभूषा धारण करके उनके बारे में जानकारी भी दी।
बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
सैदनगर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल घाटमपुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक ने ध्वजारोहण किया। बच्चे महापुरुषों की वेशभूषा में सजे नजर आए। प्राथमिक विद्यालय मुल्लखेड़ा में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भारत के राज्यों को प्रदर्शित करते हुए नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 3 के बच्चों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर अच्छा संदेश देते हुए नृत्य प्रस्तुत किया। उधर, ब्लॉक सैदनगर के प्राथमिक विद्यालय लालपुर कला में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रधानाध्यापिका शबनम आरा ने श्रद्धांजलि दी। कक्षा 5 की शाकिरा ने महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की। स्वच्छता पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की। कला प्रतियोगिता भी हुई।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पेड़ पर चढ़ी नगर निगम की गाड़ी, बुलानी पड़ी जेसीबी...देखिए VIDEO
