पीलीभीत:सियार के ताबड़तोड़ हमले, दो गांवों में नौ को किया घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई दिन की शांति के बाद फिर हिंसक हुए सियार

पीलीभीत, अमृत विचार। जनपद में कई दिनों की शांति के बाद एक बार फिर सियार हिंसक हो उठे हैं। जहानाबाद थाना क्षेत्र के दो गांवों में सियार ने हमला कर तीन महिलाओं समेत नौ लोगों को घायल कर दिया। 
बाघ-तेंदुओं के साथ पीलीभीत के सियार भी अब हिंसक होते नजर आ रहे हैं।

जनपद में इस साल सियार हमले की पहली घटना पूरनपुर तहसील के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव जादौपुर में हुई थी। यहां सियार ने दो बच्चों पर हमला कर दिया था। उसके बाद पूरनपुर, जहानाबाद, बरखेड़ा में सियारों के ताबड़तोड़ हमले हुए थे। उस दौरान सियार हमलों में 30 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इधर शुक्रवार रात जहानाबाद क्षेत्र में एक बार फिर सियारों ने हमले कर सनसनी फैला दी। जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर में शुक्रवार देर शाम घुसे सियार ने गांव में घूम रहे 59 वर्षीय हरचरण पर हमला कर घायल कर दिया। सियार के हमले का शोर सुन ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस बीच सियार ने गांव निवासी केदार नाथ (42) और चंदन (35) पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। एक के बाद एक हमले में गांव में भगदड़ मच गई। गांव में इधर-उधर घूम रहे ग्रामीण अपने बच्चों के साथ घरों में दुबक गए। जैसे-तैसे ग्रामीणों ने रात जागकर गुजारी। रात भर कोई हमला न होता देख ग्रामीणों ने सोचा कि सियार चला गया। रोजाना की तरह सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण रोजमर्रा के काम के लिए घरों से निकले ही थे कि सियार ने गांव निवासी शंकर लाल की पुत्री खुशबू पर हमला कर घायल कर दिया। कुछ देर बाद ही सियार ने गांव निवासी कैलाश चंद्र (42), ज्ञान स्वरूप (65) और रामेश्वर दयाल (36) को घायल कर दिया। 

बरातबोझ में अधेड़ महिला को किया घायल
इधर गांव मीरपुर में सियार हमले का मामला शांत नहीं हो सका था कि इस बीच जहानाबाद थाना क्षेत्र के ही गांव बरातबोझ में सियार हमले का शोर मच गया। यहां सियार ने पूरनलाल की पत्नी प्रेमवती (55) और परमेश्वरी की पत्नी रेखा देवी पर हमला कर घायल कर  दिया। इधर सियार हमले की सूचना सामाजिक वानिकी प्रभाग को दी गई। दोनों गांवों के घायलों को शनिवार सुबह एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानाबाद में लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को वापस घर भेज दिया गया। दोनों गांवों में सियार के हमले के बाद ही दहशत फैली हुई है।

संबंधित समाचार