लखनऊ: महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, कमरे शव छोड़ भागा आरोपी, बेटी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पारा थाने में दर्ज थी गुमशुदगी, राशन लेने के लिए निकली थी महिला

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के मानकनगर इलाके के आरडीएसओ की स्लीपर कलोनी के क्वार्टर में 40 वर्षीया महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। कमरे में उसका नग्न शव छोड़कर भाग गया। पड़ोसियों ने सोमवार को मानकनगर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया तो पारा पुलिस ने महिला की शिनाख्त की। परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि मृतका मूलरूप से हरदोई की रहने वाली थी। यहां पारा थाना इलाके में बेटा और बेटी के साथ किराए पर रहती थी। बेटे ने बताया कि वह कानपुर रोड स्थित पंसारी की दुकान पर काम करता है। बताया कि बड़ी बहन रविवार को दुकान पर आई थी। घर पर छोटी बहन और मां थी।

 मां ने करीब 12 बजे लगंडा फाटक स्थित सरकारी गल्ले की दुकान से राशन लेकर आने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक नहीं लौटी तो छोटी बहन ने जानकारी दी। आसपास तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम को पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सुबह पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दी तो मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की।

सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा से जाती दिखी महिला

इंस्पेक्टर पारा बृजेश वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपित रामू के ई-रिक्शा पर बैठकर महिला जाते हुए दिखी थी। घटनास्थल के पास शराब की बोतल मिली है। महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले है। मृतका के मुंह से झाग निकल रहा था। पति की डेढ़ वर्ष पहले मौत हो गयी थी। उसकी बेटियों की शादी हो चुकी है।

पड़ोस में रहता था आरोपी चालक

पुलिस ने बताया कि रामू एक हाथ से दिव्यांग है। कुछ वर्ष पहले वह उनके घर के पास किराए पर रहता था। करीब तीन वर्ष पहले रामू वहां से मकान खाली कर स्पीलर ग्राउंड कालोनी में रहने लगा था। आशंका है कि आरोपी ने पहले महिला को शराब पिलाया, फिर उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। महिला के कपड़े भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार