बरेली: पहले दिन सपा के दावेदार संजय मिश्रा ने भरा पर्चा
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिये गुरुवार से नामांकन शुरू हो गये। नामांकन स्थल की कड़ी सुरक्षा की गयी है। नामांकन प्रक्रिया 12 नवंबर तक चलेगी। पहले दिन समाजवादी पार्टी के दावेदार संजय कुमार मिश्र गुरुजी ने अपना नामांकन कराया। दावेदार संजय कुमार मिश्रा ने नामांकन कक्ष में अपर आयुक्त प्रशासन अरुण …
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिये गुरुवार से नामांकन शुरू हो गये। नामांकन स्थल की कड़ी सुरक्षा की गयी है। नामांकन प्रक्रिया 12 नवंबर तक चलेगी। पहले दिन समाजवादी पार्टी के दावेदार संजय कुमार मिश्र गुरुजी ने अपना नामांकन कराया।
दावेदार संजय कुमार मिश्रा ने नामांकन कक्ष में अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार के समक्ष दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। दावेदार संजय सपा जिलाध्यक्षों के साथ नामांकन कराने कमिश्नरी पहुंचे। कमिश्नरी के पास स्थित सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के सामने एक कांप्लेक्स के पास पुलिस ने सभी गाड़ियां रोक लीं।
इसके बाद संजय मिश्रा दो प्रस्तावक के साथ नामांकन कराने के लिये कमिश्नरी स्थित मंडलायुक्त न्यायालय में गये। नामांकन कराने के दौरान दस प्रस्तावकों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में दो-दो करके अनुमोदक प्रस्तावकों को गेट से इंट्री दी गयी।
नामांकन कराने के बाद बाहर आकर मीडिया से बात करते हुए सपा के दावेदार संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि वह राज्य के वित्तविहीन 21 हजार स्कूलों के उन तीन लाख शिक्षकों की भूख को शांत कराने के लिये संघर्ष कर रहे हैं जो सात माह से परेशान हैं। मै नेता नहीं हूं। वर्ष 2014 में भी शिक्षकों को उनका हक दिलाने समेत अन्य शिक्षा से जुड़े बड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ा था। शोषित कमजोर वर्ग के लोगों के साथ हमेशा खड़ा हूं। पहले भी मैने शिक्षकों को केंद्र व्यवस्थापक बनाकर सम्मान दिलाया है। क्रीड़ा शुल्क वसूली रुकवाई है। प्रॉपर्टी के नाम पर छह साल में एक प्लॉट नहीं खरीद पाया हूं।
इधर, नामांकन कराने के बाद शाहजहांपुर के सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, एमएलसी अमित सिंह यादव उर्फ रिंकू, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव समेत पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संजय कुमार मिश्रा का जोरदार स्वागत किया। इधर, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिये कमिश्नरी के सेठ दामोदर स्वरूप पार्क वाले गेट पर नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार, सीओ और इंस्पेक्टर गीतेश कपिल मुस्तैद रहे।
कंट्रोल रूम बनाया, हेल्पलाइन नंबर भी जारी
कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का कंट्रोल रूम बनाया गया है। एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इस क्षेत्र के शिक्षक मतदाताओं को किसी प्रकार की जानकारी लेने या फिर कोई शिकायत करनी है तो 0581-2510673 नंबर पर कर सकते हैं। सुबह से शाम तक हेल्पलाइन नंबर पर काल कर सकते हैं।
नामांकन कराने को 11 दावेदारों ने खरीदे पर्चे
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव लड़ने को नामांकन कराने के लिये 11 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं। फाइक इन्क्लेव निवासी कांग्रेस के दावेदार डा. मेहंदी हसन, दनियापुर (शाहजहांपुर) निवासी रेनू मिश्रा, हाफिजगंज निवासी अभिषेक द्विवेदी, मुरादाबाद निवासी सुनीता गिरि, बिलासपुर (रामपुर) निवासी रामबाबू शास्त्री, बिहारीपुर निवासी डा. सुरेंद्र रस्तोगी, 415 सराय खाम निवासी अनीस अहमद, खेड़ा जोया (अमरोहा) निवासी सुभाष चंद्र शर्मा, प्रियदर्शनी नगर (बरेली) निवासी आशुतोष शर्मा, खंड साल कला (अमरोहा) निवासी हरेंद्र सिंह, नेहरू पार्क प्रेमनगर निवासी विनय खंडेलवाल ने पर्चे खरीदे हैं।
