बरेली:सियार के बाद मगरमच्छ का खौफ, इस गांव में एक साथ दिखे दो मगर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिथरी ब्लॉक के पुरनापुर गांव में मगरमच्छ दिखने पर पहुंची वन विभाग की टीम

बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। जिले में सियार के आतंक के बाद अब मगरमच्छ का खौफ पैदा हो गया है। लगातार अलग-अलग स्थानों से मगरमच्छ देखे मिलने की सूचनाएं आ रही हैं। इस बार बिथरी ब्लॉक के पुरनापुर गांव में मगरमच्छ घुस आया, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल लगा दिए हैं। हालांकि, देर शाम तक रेस्क्यू नहीं हो सका।

गुरुवार को बिथरी ब्लॉक के पुरनापुर गांव के किनारे सुबह करीब 11 बजे मगरमच्छ देखा गया। जिसके बाद ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उसको किसी तरह गांव की आबादी में नहीं घुसने दिया। इसके बाद मगरमच्छ गांव किनारे स्थित एक तालाब में चला गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम की जांच में पता चला वहां एक नहीं बल्कि दो मगरमच्छ हैं। जिनको पकड़ने के लिए जाल लगाए हैं। लेकिन देर रात तक कोई भी मगरमच्छ पकड़ में नहीं आया है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीम मगरमच्छों के पानी से बाहर आने का इंतजार कर रही है। जिसके बाद रेस्क्यू किया जा सकेगा।

पहले यहां दिखा थे मगरमच्छ
बीते दिनों शीशगढ़ के गांव नरसुआ में मगरमच्छ दिखने के बाद वन विभाग की टीम ने उसको रेस्क्यू किया था। इसके अलावा बिथरी चैनपुर ब्लॉक के गांव भगनापुर में भी मगरमच्छ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। भगनापुर में तालाब खाली कराकर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया गया था।

संबंधित समाचार