मुरादाबाद: लाकडाउन में हुए झगड़े का बदला लेने को हुई थी पिता-पुत्री की हत्या
मुरादाबाद,अमृत विचार। नागफनी क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर व उसकी बेटी की निर्मम हत्या के खुलासे में लगी टीमों को आखिरकार सफलता मिल गई है। पुलिस ने शक के दायरे में आए दो मुख्य आरोपियों समेत तीन को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दोनों ने प्रापर्टी डीलर से लाकडाउन के दौरान हुए झगड़े का …
मुरादाबाद,अमृत विचार। नागफनी क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर व उसकी बेटी की निर्मम हत्या के खुलासे में लगी टीमों को आखिरकार सफलता मिल गई है। पुलिस ने शक के दायरे में आए दो मुख्य आरोपियों समेत तीन को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दोनों ने प्रापर्टी डीलर से लाकडाउन के दौरान हुए झगड़े का बदला लेने और लूट के इरादे से हत्या करने की बात कबूल की है।
- खुलासे के नजदीक पहुंची पुलिस, तीन हिरासत में
- दो ने कबूल की हत्या की बात, तीसरे की भूमिका की जांच शुरू
- दोनों की निशानदेही पर लूटे हुए मोबाइल व जेवर बरामद
हालांकि उनका कहना है कि वह केवल प्रापर्टी डीलर नजारत हुसैन की हत्या करने आए थे, जाग होने पर समरीन ने विरोध किया तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पिता-पुत्री के लूटे गए मोबाइल व कुछ जेवर भी बरामद कर लिया है। तीसरे आरोपी की संलिप्तता की जांच की जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि शुक्रवार को पुलिस इस ब्लाइंड डबल मर्डर केस का खुलासा कर देगी।
नागफनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला किसरौल में एक सप्ताह पहले हुए प्रापर्टी डीलर नजारत हुसैन उर्फ नजरू व उसकी बेटी समरीन की हत्या ने पुलिस को उलझा रखा था। शुरुआती जांच में जल्द खुलासे करने का दावा करने वाले अफसर संदिग्धों से पूछताछ के बाद उलझते चले गए। हालात यह हो गए कि वारदात के बाद लगातार अफसर एक ठोस सुराग के लिए अफसर फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर डेरा डाले हुए थे।
गुपचुप तरीके से समरीन से निकाह करने वाले युवक के अलावा करीब सौ से अधिक लोगों से पूछताछ की। जिसमें महिलाओं के अलावा रिश्तेदार भी शामिल थे। अंत में पुलिस ने घटनास्थल पर मिले खून से सने पैरों के निशान पर कातिल तक पहुंचने का प्रयास किया। मोहल्ले में रहने वाले करीब 65 लोगों के पैरों के सैंपल लिए गए। आखिरकार पुलिस की यह तकनीकि काम कर गई। रिपोर्ट के बाद प्रापर्टी डीलर के पड़ोस में रहने वाले दो युवकों के पैरों के निशान मिलान कर गए। विभागीय अफसरों के अनुसार जब सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों युवकों ने अपना जुर्म कबूल लिया।
छत के रास्ते से घर में घुसे थे हत्यारे
सूत्रों के अनुसार दोनों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह छत के रास्ते से घर के अंदर घुसे थे। दोनों युवक की लाकडाउन के दौरान प्रापर्टी डीलर के साथ झगड़ा हो गया था। एक युवक की बाइक प्रापर्टी डीलर से टकरा टकराने पर विवाद हो गया था, जबकि दूसरे से मीट को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों मामलों में प्रापर्टी डीलर ने युवकों को बीच सड़क जमकर हड़काया था। इसके बाद से उन्होंने बदला लेने का निर्णय लिया। सूत्रों के अनुसार उनका इरादा केवल प्रापर्टी डीलर को मारकर नकदी-जेवर लूटना था। छत के रास्ते से घर में घुसने के बाद उन्होंने धारदार हथियार से वार क प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी। इस बीच शोर होने पर समरीन जाग गई, उसने विरोध किया तो ताबड़तोड़ वार कर समरीन को भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात का वक्त भोर के पहर तीन से चार बजे के बीच का बताया जा रहा है।
मोबाइल बरामद करने के लिए खंगाली रामगंगा
सूत्रों के अनुसार यह जानकारी होने के बाद देर रात एसएसपी प्रभाकर चौधरी व एसपी सिटी अमित आनंद मौके पर आ गए। उन्होंने आरोपियों को मौके पर लाकर किस तरह से घटना को अंजाम दिया, इसकी जानकारी भी ली। मसलन कैसे छत से उतरे और वारदात के बाद किसी तरह से भागे। वहीं गुरुवार को दिन निकलने के साथ ही पुलिस की कई टीमों ने मोबाइल बरामद करने के लिए रामगंगा नदी के किनारे डेरा डाल दिया। कई घंटे नदी व आसपास का क्षेत्र खंगालने के बाद पुलिस ने दोनों की निशानेदही पर प्रापर्टी डीलर व उसकी बेटी के मोबाइल बरामद कर लिए। सूत्रों के अनुसार वहीं पुलिस ने पूछताछ के बाद एक सर्राफ को भी हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि प्रापर्टी डीलर के यहां से मिले गहनों को दोनों ने इसी सर्राफ के यहां पर गलवाया था।
मुरादाबाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के खुलासे में लगी टीमों को कई दिन की मशक्कत के बाद बड़ी सफलता मिल गई है। पड़ोस में रहने वाले दो युवकों के साथ तीन को हिरासत में लिया है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
