बरेली: अब सेक्सुअल असाल्ट किट से एवीडेंस जुटाएगी पुलिस
अनिल कुमार, बरेली। दुष्कर्म के आरोपी अब सबूतों के अभाव में बच नहीं पाएंगे। पुलिस ने इसका इंतजाम कर लिया है। अब थाना पुलिस ही किसी भी रेप या सेक्सुअल असाल्ट से जुड़ी वारदात में मौके से सबूत जुटा लेगी। उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी। गृह मंत्रालय के आदेश पर ब्यूरो ऑफ पुलिस …
अनिल कुमार, बरेली। दुष्कर्म के आरोपी अब सबूतों के अभाव में बच नहीं पाएंगे। पुलिस ने इसका इंतजाम कर लिया है। अब थाना पुलिस ही किसी भी रेप या सेक्सुअल असाल्ट से जुड़ी वारदात में मौके से सबूत जुटा लेगी। उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी।
गृह मंत्रालय के आदेश पर ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) द्वारा सभी राज्यों की पुलिस को सेक्सुअल असाल्ट एवीडेंस कलेक्शन किट (सीएईसीके) भेज दी हैं। यूपी पुलिस के मुख्यालय लखनऊ से बरेली पुलिस को भी ये किट्स भेजी गई हैं। बरेली में किट पहुंचते ही इन्हें थानों व सर्किल में वितरित कर दिया जाएगा।
बता दें कि गृह मंत्रालय ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर 5 अक्टूबर को अहम आदेश जारी किए थे। इस आदेश के तहत ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) द्वारा सभी राज्यों की पुलिस को सेक्सुअल असाल्ट एवीडेंस कलेक्शन किट (सीएईसीके) वितरित करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत सभी राज्यों में किट वितरित की गईं। अब राज्यों के पुलिस मुख्यालय के द्वारा प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को किट भेजी जा रही हैं।
इसी के तहत बरेली जिले को 61 किटें भेजी जा रही हैं। इसमें एक-एक किट सभी थाने को दी जाएगी। इसके अलावा एक-एक किट सभी सीओ के सर्किल में भेजी जाएगी। 24 किट फोरेंसिक टीम के पास रहेंगी। इस किट के जरिए रेप या सेक्सुअल असाल्ट से जुड़ी किसी वारदात की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंचेगी और किट के जरिए मौके से सैंपल कलेक्ट कर सकेगी। इसके तहत टीम मौके से सीरम, ब्लड के सैंपल ले सकेगी।
इसके अलावा बाल, नाखून व अन्य सैंपल भी ले सकेंगी। इसके लिए पुलिस को फील्ड यूनिट के आने का भी इंतजार नहीं करना होगा। फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले थाना पुलिस अहम सबूत कलेक्ट कर लेगी। अभी तक सभी मामलों में फील्ड यूनिट यानी फोरेंसिक टीम ही मौके पर जाकर सबूत कलेक्ट करती थी। पुलिसकर्मियों को किस तरह से सैंपल कलेक्ट करने हैं। इसे लेकर ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
किट में ये सामान हैं मौजूद
ग्लव्स, फेस मास्क, गाउन, शू कवर, बॉयो हेजार्ड डिस्पोजल बैग, हैंड टावेल, स्टेराइल गेज, फिल्टर पेपर, एल्कोहल स्वेव, हैंड सैनेटाइजर, फोरेंसिक मैग्नीफायर ग्लास, सर्जिकल ब्लेड्स, फोरसेप्स, सिसर्स, ड्रापर, सिरंज, स्टेराइल वाटर, सेलाइन, एफटीए कार्ड, सरफेस स्वेव, काटन स्वेवस, स्टेराइल प्लास्टिक कंटेनर, एवीडेंस कलेक्टिव इनवेलप्स, बटर पेपर, स्टिकर शीट्स, टेंपर प्रूफ टेप, स्केल, कांब, नेल कटर, टेप व अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
