मुरादाबाद: मंडी समिति ने खोली दुकान, सस्ता मिलेगा आलू-प्याज
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोगों को महंगाई की मार से राहत देने के लिए मंडी समिति की ओर से मंडी परिसर में दुकान खोली गई है। जहां लोग बाजार में बिक रहे महंगे दामों की अपेक्षा सस्ते दाम में प्याज, आलू और टमाटर ले सकते हैं। गुरुवार को मंडी सचिव की ओर से दुकान का शुभारंभ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोगों को महंगाई की मार से राहत देने के लिए मंडी समिति की ओर से मंडी परिसर में दुकान खोली गई है। जहां लोग बाजार में बिक रहे महंगे दामों की अपेक्षा सस्ते दाम में प्याज, आलू और टमाटर ले सकते हैं। गुरुवार को मंडी सचिव की ओर से दुकान का शुभारंभ किया गया। हालांकि उम्मीद के मुताबिक पहले दिन अधिक ग्राहक नहीं पहुंच पाए।
प्याज, आलू व टमाटर के लगातार बढ़ रहे दामों ने लोगों पर महंगाई को बोझ डाला हुआ है। मध्यम वर्गीय लोगों की पहुंच से तो प्याज, आलू और टमाटर दूर होते नजर आ रहे हैं। क्योंकि कोरोनाकाल में आय के साधन कम होने से वह ठीक से दो वक्त की रोटी तक नहीं खा पा रहे हैं, ऊपर से लगातार महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए योगी सरकार ने सस्ते दामों पर आलू, प्याज और टमाटर बेचने के लिए मंडी समितियों में स्टॉल लगाने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते गुरुवार को मंडी समिति में दुकान खोली गई। जिसका शुभारंभ मंडी सचिव अशोक कुमार ने किया। मंडी सचिव ने बताया कि आलू, प्याज व टमाटर के बढ़ते दामों के चलते मंडी समिति ने सस्ती दर की दुकान संचालित करने का निर्णय लिया है।
प्याज 40, आलू व टमाटर 30 रुपये किलो
मंडी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि दुकान पर आलू व टमाटर 30-30 रुपये किलो जबकि प्याज 40 रुपये किलो के थोक भाव पर बेची जा रही हैं। आमजन को सुबह 10 बजे से 2 बजे तक सस्ती दरों पर आलू-प्याज व टमाटर मुहैया कराई जा रही हैं। कहा कि प्रत्येक ग्राहक को अधिकतम 2-2 किलो आलू व प्याज दिया जा रहा हैं। स्टॉल का मकसद लोगो को सस्ती आलू प्याज मुहैया कराना हैं। खास हैं कि बाजार में आलू 40-50 रुपये व प्याज 60-70 रुपये किलो तक बिक रही हैं। जिसके चलते सस्ती दर पर लोगों को मुहैया कराकर राहत देने का कार्य किया जा रहा है।
पहले दिन बिकी 1.30 कुंतल प्याज
मंडी सचिव अशोक कुमार ने बताया कि पहले दिन स्टॉल पर ग्राहकों की संख्या उम्मीद से कम रही। जिसके लिए अब प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें। बताया कि पहले दिन 1.30 कुंतल प्याज, 25 किलो आलू और 4 किलो टमाटर सस्ती दर में बेचे गए। बताया कि सरकारी छुट्टी को छोड़कर अन्य दिन स्टॉल खुला रहेगा।
