चीन छोड़ जर्मन कंपनी का यूपी में निवेश करना सुखद: योगी
लखनऊ। चीन को छोड़कर ताज नगरी आगरा में अपने संयंत्र की स्थापना कर रही जर्मन कंपनी वान वेलेक्स के फैसले का सम्मान करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का उद्यम प्रदेश के रूप में विकसित होने का यह प्रत्यक्ष प्रमाण है। योगी ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि आदरणीय प्रधानमंत्री के …
लखनऊ। चीन को छोड़कर ताज नगरी आगरा में अपने संयंत्र की स्थापना कर रही जर्मन कंपनी वान वेलेक्स के फैसले का सम्मान करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का उद्यम प्रदेश के रूप में विकसित होने का यह प्रत्यक्ष प्रमाण है। योगी ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि आदरणीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उद्यम प्रदेश के रूप में विकसित हो रहा है। जर्मन कम्पनी का चीन के स्थान पर उत्तर प्रदेश में स्थापित होना, इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
बीते दिनों जर्मनी की फुटवियर कंपनी वॉन वेलेक्स ने चीन से अपना कारोबार समेट कर आगरा में नई यूनिट शुरू की है। उद्योग जगत ने इसे यूपी के लिये एक शुभ संकेत करार दिया है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के बीच जर्मनी की फुटवियर कंपनी वॉन वेलेक्स ने आगरा में अपनी जूता बनाने की दो यूनिट शुरू की हैं। अभी तक कुल 2000 लोगों को इन यूनिट में रोजगार दिया गया है। वॉन वेलेक्स कंपनी अब यूपी में तीन परियोजनाओं में लगभग 300 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
कंपनी का दावा है कि इससे 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। जबकि यूनिट्स सालाना 50 लाख जोड़े जूते का उत्पादन करेंगी। वॉन वेलेक्स द्वारा 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जेवर (यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में दिसंबर तक एक नई उत्पादन इकाई स्थापित किए जाने की संभावना है।
योगी सरकार की निवेशोंमुखी नीतियों के चलते राज्य और संघ शासित प्रदेशों की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (ईओडीबी) रैंकिंग में इस बार उत्तर प्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है। वह रैंकिंग में 10 पायदान उछलकर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। ऐसा करने में उसने महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और राजस्थान जैसे कई प्रमुख राज्यों को पीछे छोड़ा है। इस रैंकिंग में यूपी अब केवल आंध्र प्रदेश से पीछे है। औद्योगिक जगत की जरूरत के अनुसार जरूरी बदलावों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिबद्धता जगजाहिर है।
