बरेली: 7 नवंबर को पुष्य नक्षत्र, दीपावली तक बन रहे सात मुहूर्त
बरेली,अमृत विचार। दीपावली और धनतेरस खरीदारी के लिए शुभ दिन माने जाते हैं। अगर इसमें पुष्य रवि नक्षत्र का संयोग मिल जाए तो वह किसी भी शुभ तिथि से बढ़कर मानी जाती है। पुष्य नक्षत्र में खरीदारी करना शुभता का प्रतीक माना जाता है। इसे लेकर व्यापारियों के चेहरों पर भी अभी से खुशी देखी …
बरेली,अमृत विचार। दीपावली और धनतेरस खरीदारी के लिए शुभ दिन माने जाते हैं। अगर इसमें पुष्य रवि नक्षत्र का संयोग मिल जाए तो वह किसी भी शुभ तिथि से बढ़कर मानी जाती है। पुष्य नक्षत्र में खरीदारी करना शुभता का प्रतीक माना जाता है। इसे लेकर व्यापारियों के चेहरों पर भी अभी से खुशी देखी जा सकती है। कारोबारियों के मुताबिक, यह संयोग है कि लॉकडाउन के बाद पुष्य नक्षत्र कारोबार को पटरी पर लाएगा।
नक्षत्रों का राजा (प्रधान नक्षत्र) की मान्यता रखने वाला पुष्य नक्षत्र का संयोग इस बार 7 और 8 नवंबर को आ रहा है यानि शनिवार और रविवार दो दिन इस महत्वपूर्ण नक्षत्र में लोग खरीदारी का लाभ उठा सकते हैं। शनिवार को सुबह 8 बजकर 05 मिनट से लेकर रविवार को सुबह 6:10 बजे तक मूल्यवान वस्तु, आभूषण, वाहन, चल या अचल संपत्ति खरीदना विशेष रूप से फलदायी होगा।
दो दिन के इस संयोग पर व्यापारियों का मानना है कि यह संयोग खरीदारी के साथ-साथ उनके व्यापार को लेकर भी मायने रखता है। इस नक्षत्र में बिक्री अच्छी हुई तो लॉकडाउन में जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई तो होगी। साथ ही व्यापार भी बढ़ता जाएगा।
“शुभ संयोग पर ग्राहकों के लिए नए डिजायन पर आधारित आभूषणों की व्यवस्था की जा रही है। सोने के अलावा डायमंड के आभूषणों की रेंज ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राहकों का समय व्यर्थ में खर्च न हो, इसकी पूरी तैयारी की जा रही है।” -संदीप अग्रवाल, सर्राफा कारोबारी
“ऑटोमोबाइल्स के क्षेत्र में बाइकें और स्कूटी की नई रेंज उतारी गई है। शो रूम पर स्टॉक मेंटेन किया जा चुका है। ग्राहकों के लिए फाइनेंस की भी सुविधा रहेगी। उम्मीद है कि इस संयोग के चलते कारोबार आगे भी तेजी से बढ़ेगा।” -पंकज अग्रवाल, बाइक शोरूम संचालक
पुष्य नक्षत्र में खरीदी गई वस्तु और कार्य होते हैं स्थाई
पुष्य नक्षत्र नक्षत्रों में सर्वश्रेष्ठ, शुभ और समृद्धिदायक माना जाता है। इस नक्षत्र के स्वामी शनि और देवता बृहस्पति होते हैं। शनि का स्वभाव स्थायित्व वाला होता है। इसीलिए इस नक्षत्र में खरीदी गई चीजें और किए गए कार्य स्थाई होते हैं। इस दिन नवीन भवन का भूमि पूजन, नवीन प्रतिष्ठान खोलना बेहद शुभ माना गया है। -आचार्य सुनील, श्रीहरि मंदिर महंत, माडल टाउन
