बरेली: दूसरे दिन पूर्व एमएलसी रामबाबू शास्त्री ने कराया नामांकन
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन गुरुवार से शुरू हो चुके हैं। दूसरे दिन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट संगठन के दावेदार रामबाबू शास्त्री ने नामांकन कराया। रामपुर के बिलासपुर निवासी रामबाबू शास्त्री दो बार एमएलसी रह चुके हैं। वह नामांकन कराने के लिये समर्थकों के साथ शुक्रवार सुबह करीब …
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन गुरुवार से शुरू हो चुके हैं। दूसरे दिन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट संगठन के दावेदार रामबाबू शास्त्री ने नामांकन कराया। रामपुर के बिलासपुर निवासी रामबाबू शास्त्री दो बार एमएलसी रह चुके हैं।
वह नामांकन कराने के लिये समर्थकों के साथ शुक्रवार सुबह करीब 10.45 बजे ही नामांकन स्थल पहुंच गये। अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार के समक्ष उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन कराने के दौरान डा. सुरेश रस्तोगी, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं, छह अन्य लोगों ने भी नामांकन कराने को पर्चा खरीदा है। शास्त्रीनगर निवासी राजेंद्र पाल गंगवार, रामपुर निवासी पीयूष सिंह राठौर, बिजनौर निवासी हाजी दानिश अख्तर, बिजनौर निवासी नाज रिजवी, बिजनौर के ही निखिल और बरेली से श्रद्धा खंडेलवाल ने नामांकन पत्र खरीदा है।
कमिश्नरी में मंडलायुक्त न्यायालय में नामांकन कराने पूर्वाह्न 11 से दोपहर 3 बजे तक हो रहे हैं। इस समय पुलिस की कड़ी निगरानी रहती है। पुलिस ने चौकी के पास एक कांप्लेक्स से लेकर कमिश्नरी के सेठ दामोदर स्वरूप पार्क की तरफ वाले गेट तक यातायात रोक दिया है। बेरीकेडिंग की गयी है। गेट पर नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार मुस्तैद रहते हैं।
इधर, दावेदार रामबाबू शास्त्री के मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को संगठन की ओर से मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में अवकाश प्राप्त शिक्षकों का सम्मान समारोह होगा। इसमें संगठन के संरक्षक राज बहादुर सिंह चंदेल भी पहुंचेंगे।
