Jaunpur News: पुलिस हिरासत में युवक की मौत, डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज कोतवाली के अन्दर पुलिस की हिरासत में हुई मटरू विन्द पुत्र स्व सहदेव विन्द की मौत के मामले में अब जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने मजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिये हैं और उसकी बेटी की जिम्मेदारी उठाने का जिम्मा जिला प्रशासन ने लिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मटरू बिन्द पुत्र स्वर्गीय सहदेव बिन्द उम्र 50 वर्ष ग्राम बढ़ौना के मामले में पुलिस प्रशासन ने घटना के कई घन्टे बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा ने मीडिया सेल के जरिए वीडियो जारी कर जो बयान जारी किया उसके अनुसार थाना शाहगंज की पुलिस कल यानी 18 अक्टूबर 24 की शाम को जमिल अहमद के साथ 35 हजार रुपए की टप्पेबाजी की शिकायत पर मटरू विन्द को थाने पर लाया गया था। आज 19 अक्टूबर की सुबह थाने के शौचालय में उसने खिड़की के जंगले से फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। 

घटना के बाद मृतक की पत्नी को पुलिस थाने पर ले आयी और दिन में लगभग डेढ़ बजे के आसपास उससे तहरीर लेकर अन्य विधिक कार्यवाई की गई। घटना के कई घन्टे तक थाना परिसर पुलिस की छावनी में तब्दील रहा मृतक की पत्नी किसी से न तो बात कर सकी न ही मीडिया का कोई भी अन्दर प्रवेश कर सका ।

घटना के पश्चात जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र थाने पर पहुंच कर मृतक की पत्नी और परिजनों सहित ग्राम प्रधान से वार्ता करके तथ्यों को अवगत कराते हुए उनको घटना के समय की सीसीटीवी भी दिखाया। उन्होंने उक्त घटना की निष्पक्ष जांच मजिस्ट्रियल जांच कराए जाने का आश्वासन परिजनों को दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि मृतक की बिटिया की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है तथा परिवार के इस दुख की घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ है।

यह भी पढ़ें:-झारखंड: संविधान सम्मान सम्मेलन में बोले राहुल गांधी- भाजपा कर रही है संविधान पर हमला

संबंधित समाचार