Bareilly News: ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, दर्दनाक मौत...ड्राइवर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज,अमृत विचार: थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव रसूला चौधरी में एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों ने रंजिशन ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला दो समुदायों के बीच का होने की वजह से गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।

रसूला चौधरी निवासी नन्हेंलाल (35) बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के ही होरीलाल की परचून की दुकान के सामने खड़ंजे पर पड़ी बेंच पर बैठे थे। उसी समय गांव का अलुमुद्दीन ट्रैक्टर लेकर आया। आरोप है कि उसने नन्हेंलाल को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। पहिए के नीचे आने से सिर कुचलने से नन्हेंलाल की मौके पर ही मौत हो गई और अलुमुद्दीन ट्रैक्टर लेकर भाग गया।

नन्हेंलाल के छोटे भाई महेंद्र पाल ने बताया कि अलुमुद्दीन खड़ंजे पर बहुत तेज ट्रैक्टर चलाता है। छह महीने पहले उनके भाई ने रास्ते पर बच्चों के घूमने की बात कहते हुए उससे ट्रैक्टर धीरे चलाने को कहा था। इस पर उसने नन्हेंलाल को ट्रैक्टर से दबाकर मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के उसने बुधवार को उनके भाई को ट्रैक्टर से कुचल दिया।

महेन्द्र पाल की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हुई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Bareilly News: पति ने काटी पत्नी के पैर की नस, तड़प-तड़पकर तोड़ दिया दम

संबंधित समाचार