IND vs NZ : भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट के दौरान पानी की बोतल की कमियों से प्रशंसक नाराज, एमसीए ने मांगी माफी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के दौरान पानी की बोतलें पहुंचने में देरी के कारण एमसीए स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई और कुछ प्रशंसकों ने मेजबान संघ के खिलाफ नारे लगाए। बाद में मेजबान संघ ने इस चूक के लिए माफी मांगी। गुरुवार को शुरू हुए मुकाबले के लिए लगभग 18 हजार दर्शक मैदान पर पहुंचे। 

महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम के अधिकांश हिस्से में छत नहीं है और धूप में बैठे प्रशंसक जब पहले सत्र के खेल के बाद पानी लेने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि पानी की बोतलें उपलब्ध नहीं हैं। पानी के लिए बूथ पर भीड़ बढ़ती गई और कुछ देर इंतजार करने के बाद प्रशंसक एमसीए के खिलाफ नारे लगाने लगे। तब तक सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को शांत करने के लिए पानी की बोतलें बांटनी शुरू कर दी थीं। 

एमसीए सचिव कमलेश पिसल ने बाद में मीडिया से कहा, ‘‘हम सभी प्रशंसकों से असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि आगे सब कुछ ठीक रहे। हमने पानी की समस्या का समाधान पहले ही कर लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बार हमने दर्शकों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने का फैसला किया है और इसमें कुछ दिक्कतें आईं क्योंकि लंच ब्रेक के दौरान कुछ स्टॉल पर पानी खत्म हो गया था क्योंकि वहां बहुत भीड़ थी।’’ 

कमलेश ने कहा, ‘‘पानी के कंटेनरों को भरने में हमें 15 से 20 मिनट लगे और चूंकि इसमें देरी हो गई थी इसलिए हमने उन्हें मुफ्त में बोतलबंद पानी देने का फैसला किया।’’ यह सब स्टेडियम के हिल एंड में मीडिया और कमेंट्री सेंटर के पास हुआ। हालांकि स्थिति और खराब नहीं हुई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि शहर के बाहरी इलाके में स्थित स्टेडियम में पानी लाने वाले वाहनों को सुबह के समय भारी ट्रैफिक के कारण देरी हो गई। प्रशंसकों के एक अन्य समूह को स्टेडियम में फिर से प्रवेश करने की अनुमति के लिए सुरक्षाकर्मियों से बहस करते देखा गया जबकि नियमों के अनुसार उन्हें ऐसा करने की मनाही है। चाय के ब्रेक तक स्थिति को नियंत्रित किया गया। 

ये भी पढे़ं : IND vs NZ 2nd Test : पुणे टेस्ट में वॉशिंगटन सुंदर ने झटके सात विकेट, न्यूजीलैंड की पहली पारी 259 रनों पर सिमटी

संबंधित समाचार