बरेली: जन प्रतिनिधियों को चुनाव जिताने की जिम्मेदारी सौंप गए स्वतंत्र देव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी कार्यालय पर शनिवार को बरेली-मुरादाबाद मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने शिक्षक विधान परिषद सदस्य के चुनाव में जीत हासिल कराने की जिम्मेदारी सांसदों, विधायकों, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्षों को सौंप दी। भाजपा के पहली बार इस चुनाव में लड़ने की बात …

बरेली,अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी कार्यालय पर शनिवार को बरेली-मुरादाबाद मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने शिक्षक विधान परिषद सदस्य के चुनाव में जीत हासिल कराने की जिम्मेदारी सांसदों, विधायकों, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्षों को सौंप दी।

भाजपा के पहली बार इस चुनाव में लड़ने की बात कहते हुए कहा कि विधायक यह मान कर चलें कि वे खुद मैदान में हैं। मतदाताओं पर प्रभावशाली पकड़ बनाने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों से व्यक्तिगत संपर्क करें। पोलिंग बूथ पर जाकर बैठ करें। अगर किसी कार्यकर्ता या पदाधिकारी की समस्या हो तो स्वयं जाकर उसका निदान करें। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को प्रेरित करें कि वोट जरूर दें। शहर के वोटरों पर मेयर, नगर पालिका परिषद व टाउन एरिया के अध्यक्ष ध्यान रखें। इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लेंगे तो जीत आसान होगी।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, हरि सिंह ढिल्लो, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता, राज्य मंत्री गुलाबो देवी एवं बलदेव सिंह औलख मंचासीन रहे।

इस मौके पर दुर्विजय सिंह शाक्य, हर्षवर्धन आर्य, विधायक केसर सिंह गंगवार, बहोरन लाल मौर्य, छत्रपाल गंगवार, श्याम बिहारी लाल, धर्मपाल सिंह, एमएलसी जिला संयोजक आदेश प्रताप सिंह, वीरपाल गंगवार, राहुल साहू, नीरेंद्र राठौर, डा. नरेंद्र गंगवार, डा. मनोज गुप्ता, अंकित माहेश्वरी, सोमपाल शर्मा, चंचल गंगवार, मुकेश राजपूत, धर्म विजय गंगवार व सभी पदाधिकारी गण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सपा-बसपा सरकार में एके 47 लेकर घूमते थे गुंडे: स्वतंत्र देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले गैर भाजपा सरकारों में गुंडे सड़क पर एक-47 लेकर खुलेआम घूमते थे। सपा, बसपा के शासन में गुंडई होती थी लेकिन भाजपा सरकार ने अवैध कब्जे वाले आशियानों पर बुलडोजर चलवाने का काम किया है। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर नकेल कसी है। आज के समय में केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही सभी को एक साथ लेकर चलने का दम रखते हैं।

पूरी ताकत से लड़ें चुनाव: संतोष गंगवार
बैठक में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि चुनाव में कभी भी विरोधी को कमजोर नहीं समझाना चाहिए। पूरी ताकत से चुनाव लड़ें। पूरा ध्यान चुनाव पर केंद्रित करना होगा। एक-एक वोट डलवाना होगा। वोट पाने के लिए जनसंपर्क का दायरा बढ़ाना होगा। अगर पूरे मनोयोग से मेहनत करेंगे तो निश्चित ही कामयाब होंगे। अगर किसी जगह समस्याएं हैं तो हम मौके पर जाने को तैयार हैं। इस चुनाव में हर वक्त कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहने का कार्य करूंगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने नहीं खोला एमएलसी प्रत्याशी का नाम
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक के दौरान अधिकृत प्रत्याशी के रूप में किसी का नाम नहीं लिया। भाजपा की सूची जारी न होने से अभी तक किसी भी भाजपा नेता ने प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भी नहीं खरीदा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनावी तैयारी और जीत का मंत्र भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों को देकर चले गए लेकिन पार्टी प्रत्याशी का नाम स्पष्ट नहीं किया। इस कारण दावेदारों में असमंजस है। हालांकि माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के यहां आने का मकसद प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाना ही था। इसके लिए सांसद, विधायकों, मंत्रियों के मन को भी उन्होंने टटोला। सभी से गोपनीय रूप से नामों को लेकर चर्चा भी की।

“पार्टी प्रत्याशी के रूप में अभी अधिकृत सूची जारी नहीं हुई है। हो सकता है कि आज रात में या कल सूची जारी हो जाए। डा. हरि सिंह ढिल्लों को संगठन स्तर से काफी पहले चुनाव लड़ने के लिए कहा गया था। उन्होंने भी अधिकृत प्रत्याशी बनाया जा सकता है लेकिन इसका फैसला प्रदेश स्तर से होना है।” -रितेश गुप्ता, विधायक व बरेली- मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रभारी भाजपा

संबंधित समाचार