मुरादाबाद : भाजपा प्रत्याशी रामवीर ने कराया नामांकन, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- सपा ने राहुल गांधी को साइकिल से उतारा
उपचुनाव में कुंदरकी सहित सभी सीटें भाजपा और एनडीए जीतेगी
मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर, गुलाब देवी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी आदि मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि इस बार कुंदरकी में कमल खिलेगा। क्योंकि जनता ने अन्य दलों के नेताओं को पिछले कई चुनाव में जिताकर देख लिया है कि वहां विकास नहीं विनाश हुआ। लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। सपा नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र में अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है। अब जनता समझ गई है कि विकास के लिए भाजपा की जीत जरूरी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तंज कसा। कहा कि सपा ने राहुल गांधी को साइकिल से उतार दिया है। कांग्रेस को भविष्य में अपना कार्यालय और सिंबल भी समाजवादी पार्टी को सौंप देना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रामवीर सिंह का नामांकन कराने आए थे। नामांकन कक्ष से बाहर निकलने के बाद वह पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के साथ है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का गठबंधन स्वार्थी लोगों का गठबंधन है। सपा ने खुद कांग्रेस को किनारे कर दिया है। पहले साइकिल पर पीछे बैठाया और अब बिल्कुल ही उतार दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपचुनाव में कुंदरकी सहित सभी सीटें भाजपा और एनडीए जीतेगी क्योंकि विपक्ष के छल प्रपंच को जनता समझ चुकी है। भाजपा अपने संकल्प और पार्टी के एजेंडे के आधार पर सबका साथ, सबका विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है।
वहीं, प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि कांग्रेस पिछलग्गू पार्टी है। कांग्रेस का वजूद समाप्त हो गया है। मतदाताओं ने विधानसभा उपचुनाव में विपक्ष के झांसे में न आने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कुंदरकी उपचुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री गुलाब देवी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष आकाश पाल भी मौजूद रहे।
52 वर्षीय हैं भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह
भाजपा के प्रत्याशी रामवीर सिंह की उम्र 52 वर्ष है। वह ग्राम दौलारी तहसील व जिला मुरादाबाद के रहने वाले हैं। नामांकन पत्र पर उनके प्रस्तावक के रूप में जसवीर सिंह का नाम दर्ज है। वह 2017 के विधानसभा चुनाव में कुंदरकी विस से भाजपा के प्रत्याशी रहे, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई थी।
नामांकन से पहले आंबेडकर पार्क में भाजपाइयों ने की जनसभा
कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह के नामांकन के पहले भाजपाइयों ने सिविल लाइंस स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में सभा की। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, जेपीएस राठौर, गुलाब देवी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, प्रत्याशी रामवीर सिंह आदि ने प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। नामांकन दाखिल करने से सिविल लाइंस के आंबेडकर पार्क में भाजपाई जुटे।
यहां आयोजित सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर, गुलाब देवी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल आदि मौजूद रहे। सभी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि विपक्ष अनर्गल प्रलाप कर जनता को गुमराह करने का काम करता है। लेकिन भाजपा की नीति सबका साथ, सबका विकास की है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार जनहित के कार्य कर रही है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, राज्यसभा के पूर्व सांसद वीर सिंह, एमएलसी हरिसिंह ढिल्लो, एमएलसी सत्यपाल सैनी, डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व विधायक राजेश सिंह चुन्नू सहित अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं : कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव : चुनावी दंगल के पुराने खिलाड़ी हैं भाजपा-सपा और बसपा के घोषित प्रत्याशी
