बरेली: एमआर के अपहरण की कोशिश में अजितेश को जेल
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर पुलिस ने डीडीपुरम स्थित एक होटल की पार्किंग में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से मारपीट करने और कार में डालकर अपहरण की कोशिश के मामले में अजितेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अजितेश के पकड़े जाने की …
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर पुलिस ने डीडीपुरम स्थित एक होटल की पार्किंग में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से मारपीट करने और कार में डालकर अपहरण की कोशिश के मामले में अजितेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अजितेश के पकड़े जाने की खबर पर उसकी पत्नी साक्षी भी बच्चे के साथ थाने में पहुंच गईं। अजितेश और साक्षी को सुरक्षा मिली है जिसके चलते उनके गनर भी थाने में पहुंच गए। थाने में काफी देर तक ड्रामा भी चलता रहा।
मूलरूप से मुरादाबाद के इंद्रा कालोनी, कटघर के रहने वाले मेडिकल रिप्रिजेंटेटिव अमित मिश्रा वर्तमान में गांधीपुरम स्थित हार्टमेन कालेज रोड पर रहते हैं। उनका 21 जून की रात को डीडीपुरम में एक होटल में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में कुछ लोग अमित मिश्रा को होटल में ले गये। वहां कमरे में बंदकर दो घंटे तक उसे पीटा। इसके बाद अमित को स्विफ्ट कार में डालकर ले जाने लगे। अमित ने टायलेट जाने का बहाना किया। इसके बाद अमित को गाड़ी से नीचे उतारा। इस पर वह भागकर चीता मोबाइल के पास पहुंच गया। उसने पूरी घटना पुलिस को बताई।
इसके बाद देर रात वह थाना प्रेमनगर पहुंचा। प्रेमनगर थाने में अमित मिश्रा की ओर से बमनपुरी, किला निवासी मयंक रस्तोगी और चार अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, गाली गलौज, अपहरण की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जब पुलिस ने इस मामले की विवेचना की तो सामने आया कि मयंक रस्तोगी के अलावा वारदात में ग्रीन पार्क निवासी आयुष तनेजा, साहूकारा निवासी अनिकेत और अमन मिश्रा और वीर सावरकर नगर निवासी अजितेश नायक उर्फ अभि ठाकुर भी शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज में भी पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे थे। इस मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन अजितेश को गिरफ्तार नहीं किया था। इसमें पुलिस चार्जशीट भी लगा चुकी थी।
शनिवार को पुलिस ने अजितेश को गिरफ्तार कर एसीजे सप्तम उमेश यादव की अदालत में पेश किया। कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर ली, जिस पर अजितेश को जेल भेज दिया गया। इस दौरान अजितेश की पत्नी साक्षी मिश्रा भी दुधमुंहे बच्चे को लेकर कोर्ट रूम में खड़ी रही।
