मुरादाबाद: अतिक्रमण हटाओ चला अभियान, ध्वस्त किए आधा दर्जन खोखे
मुरादाबाद,अमृत विचार। दिल्ली रोड पर नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया। जेसीबी जैसे ही अवैध निर्माण पर गरजी, वहां मौजूद लोग विरोध में खड़े हो गए। अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुई। लोगों की इस हरकत पर मौजूद पुलिस और प्रवर्तन दल के अधिकारियों ने सख्ती बढ़ा दी। जेसीबी ने सड़क के किनारे रखे आधा दर्जन …
मुरादाबाद,अमृत विचार। दिल्ली रोड पर नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया। जेसीबी जैसे ही अवैध निर्माण पर गरजी, वहां मौजूद लोग विरोध में खड़े हो गए। अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुई। लोगों की इस हरकत पर मौजूद पुलिस और प्रवर्तन दल के अधिकारियों ने सख्ती बढ़ा दी।
जेसीबी ने सड़क के किनारे रखे आधा दर्जन खोखे ध्वस्त कर दिए। वहां मौजूद गाड़ियों को भी हटवाया। इस दौरान ठेले व फड़ वालों में हड़कंप मच गया, उनको भी वहां से हटवा दिया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान गागन तिराहे से लाकड़ी फाजलपुर तिराहे तक चलाया गया। इस रोड पर सड़क के किनारे पंचर, टायर, गुटखा आदि के खोखे रखे हुए थे। जेसीबी से उन्हें हटाना शुरू कर दिया। जेसीबी गरजी तो खोखे के मालिक विरोध में आ गए।
पुलिस और प्रवर्तन दल के सुरक्षा अधिकारी मेजर फिदा हुसैन और उनकी टीम ने विरोध करने वालों को रोक दिया। उनपर सख्ती की गई तो वह हट गए। उसके बाद एक-एक कर छह खोखे ध्वस्त किए गए। निगम की कार्रवाई देख कई दुकान स्वामियों ने अपने खोखे खुद ही हटाने शुरू कर दिए। फड़ व ठेले वालों को भी हटवाया गया।
सड़क पर खड़ी बाइकों व अन्य वाहनों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान हड़कंप की स्थिति बनी रही। अभियान के दौरान कर अधीक्षक मंगल सिंह फापड़ा, आरआई उपेंद्र कुमार वर्मा, सतीश कुमार, केशव विश्नोई, सचिन सैनी आदि मौजूद थे। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि गागन तिराहे से लाकड़ी फाजलपुर तक काफी अतिक्रमण था। नाली के किनारे लोगों ने खोखे रखे हुए थे। उनकी वजह से सड़कों के किनारे वाहन खड़े हो जाते थे। जाम की समस्या और कई दिक्कतें होती थी, इस पर शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई है।
सड़क पर मिली बालू, ठोका जुर्माना
मुरादाबाद। गागन तिराहे पर अतिक्रमण के साथ-साथ प्रदूषण फैला रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई है। तिराहे पर उसने सड़क पर बालू का ढेर लगा रखा था। कार्रवाई को पहुंची नगर निगम ने उसकी बालू जब्त कर ली। आरआई सतीश कुमार ने बताया कि सड़क पर कोई भी सामान रखना गलत है। जो बालू मिली, उसपर पानी का छिड़काव भी नहीं था, जिससे वह प्रदूषण में भी सहायक पाई गई। लिहाजा उसकी बालू को जब्त कर लिया और उससे पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
