अमित शाह का ममता सरकार पर प्रहार, कहा- बंगाल के विकास के लिए क्या किया...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बंगाल में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया और कहा कि वर्ष 2026 के राज्य विधानसभा चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर शांति बहाल की जाएगी। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही बंगलादेश से घुसपैठ रोक दी जाएगी और अवैध रूप से बसे लोगों को निर्वासित किया जाएगा।

वह उत्तर 24 परगना जिले में बंगलादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के भारतीय हिस्से पेट्रापोल में बीएसएफ के एक कार्यक्रम के बाद एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री ने पेट्रापोल में एक एकीकृत चेक पोस्ट, यात्री टर्मिनल और मैत्री द्वार का अनावरण किया। शाह ने कहा कि घुसपैठ रुकने पर ही राज्य में शांति लौटेगी।

उन्होंने कहा, "आप सबसे पहले वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में बदलाव लाएं और देखें कि भाजपा राज्य में अवैध घुसपैठ को कैसे रोकेगी।" केंद्रीय मंत्री ने राज्य में जीवन के हर पहलू में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने आश्चर्य जताया कि ममता बनर्जी सरकार ने बंगाल के विकास के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

आंकड़ों पर पलटवार करते हुए शाह ने कहा,“ पिछले 10 वर्षों में बंगाल को 7.74 लाख करोड़ रुपये का केंद्रीय कोष मिला है, जो पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबन्धन (संप्रग) सरकार के दौरान राज्य को मिले फंड से अधिक है। लेकिन दुर्भाग्य से, राज्य में केंद्रीय धन के उपयोग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।' उन्होंने यह भी दावा किया कि मनरेगा और पीएमएवाई जैसी विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत प्रदान की गई धनराशि लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने आरोप लगाया, 'केवल तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों को ही ये धनराशि मिली है।'

यह भी पढ़ें- Bahraich News : त्योहार में बाधा पड़ी तो होगी कार्रवाई: एएसपी ग्रामीण

संबंधित समाचार