रामपुर: होशियार! एक्सपायरी डेट के बिना मिठाई बेच रहे दुकानदार
दुकानों, शोकेस में सजी मिठाइयों को देखकर अंदाजा लग पाना हो रहा मुश्किल
रामपुर, अमृत विचार। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर नियम को ताक में रखकर एक्सपायरी डेट के बिना मिठाई दुकानदार बेच रहे हैं। दुकानों पर बिक रही मिठाइयों के पैकेट पर उनके बनाए जाने और खराब होने की तिथि नहीं लिखी जा रही है। दुकानों के शोकेस में सजी मिठाइयों को देखकर अंदाजा लगा पाना मुश्किल है वह कब बनी हैं और उनको कब तक इस्तेमाल में लाया जा सकता है। जबकि एफएसएसएआई (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने साफ तौर मिठाइयों के पैकेट पर एक्सपायरी डेट लिखने के निर्देश दे रखे हैं लेकिन, इसके बाद भी दुकानों पर मानक को दरकिनार कर मिठाइयों को बेचा जा रहा है।
दिवाली, भैयादूज और गोवर्धन पूजा को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग के अधिकारी अलग-अलग प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर अलग-अलग पदार्थों के नमूने ले रहे हैं, साथ ही खाद्य विभाग ने पर्वों को ध्यान में रखते हुए कई क्विंटल मिठाइयों को नष्ट कराया है। इनमें सबसे ज्यादा छेना की मिठाइयां शामिल हैं। लेकिन इसके बाद भी दुकानों पर डिस्प्ले मिठाई ट्रे पर एक्सपायरी डेट के बिना धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। आमतौर पर लोग चखकर और इससे उठने वाली महक के आधार पर सही या खराब होने की पहचान करते हैं। विभागीय अधिकारियों की गठजोड़ृ के चलते दुकानदार आदेशों को अनदेखा कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। मिस्टन गंज, पुराना गंज, बिलासपुर गेट, हामिद स्कूल, हाथीखाना, शाहबाद गेट, राम रहीम पुल, राधा रोड, रेलवे स्टेशन, ज्वालानगर, अजीतपुर और पनवड़िया समेत कई क्षेत्रों में नियमों को अनदेखा कर मिठाइयां बिक रही हैं।
2 लाख तक का लग सकता है जुर्माना
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सहायक आयुक्त ने बताया कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाती है। नियम के तहत इसमें दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
जानिए क्या बोले एफएसडीए के अधिकारी
सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि दिवाली, भैयादूज और गोवर्धन पूजा पर्वों को देखते हुए जनपद में अभियान संचालित है। किसी मिठाई को कब तक उपभोग में लाया जा सकता है। इसकी तिथि लिखा जाना जरूरी है। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
