मुरादाबाद: महिला महंत ने लगाया मारपीट व दुष्कर्म करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

 3 महिलाओं समेत 4 लोगों पर देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का भी लगाया आरोप

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक धर्मशाला की महिला महंत ने धर्मशाला में ही रहने वाली 3 महिलाओं और उनके एक साथी युवक पर देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी, आश्रम में घुसकर जानलेवा हमला करने और युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना कटघर क्षेत्र स्थित एक धर्मशाला में बने आश्रम की महिला महंत ने आरोप लगाया कि 23 अक्टूबर को जित्तो, हिना, नीलम और इनके खास व्यक्ति गुलफाम ने उसके देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने आश्रम में घुसकर उस पर जानलेवा हमला किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान जित्तो ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। हिना और नीलम ने लाठी-डंडों से उस पर वार किए, जबकि गुलफाम ने उसके बाल उखाड़ दिए और कपड़े फाड़कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में सभी आरोपी उसको मृत समझकर भाग गए।

महिला महंत ने बताया कि यह पूरी घटना पास की एक फर्म में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके बाद कटघर पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आश्रम पर अवैध कब्जा करने के लिए कई बार घटनाएं कर चुके हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद: सपा सांसद रुचि वीरा का PRO गिरफ्तार, जमीन कब्जाने और मारपीट का है मामला 

संबंधित समाचार