बरेली: गलत रीडिंग दर्ज कर भेजे बिल, एमडी के निर्देश पर किए ठीक
बरेली, अमृत विचार। बिजली के गलत बिल मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। तमाम शिकायतें शासन तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेकर कैंप लगाकर बिजली के गलत बिल सही करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिले में रविवार को छुट्टी होने के बाद भी अधिकारियों ने जगह-जगह कैंप लगाकर गलत बिल आने की …
बरेली, अमृत विचार। बिजली के गलत बिल मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। तमाम शिकायतें शासन तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेकर कैंप लगाकर बिजली के गलत बिल सही करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिले में रविवार को छुट्टी होने के बाद भी अधिकारियों ने जगह-जगह कैंप लगाकर गलत बिल आने की शिकायत करने वाले करीब एक हजार उपभोक्ताओं के बिल सही किए। गलत बिल सही होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
आए दिन देखा जाता है कि शहर से देहात तक के उपभोक्ता मुख्य अभियंता, देहात और शहर के अधीक्षण अभियंता के साथ एक्सईन और संबधित बिजली उपकेन्द्र पर गलत बिल आने की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। कई उपभोक्ताओं ने तो मुख्यमंत्री पोर्टल समेत बिजली विभाग के शिकायती नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद एमडी ने कहा था कि पूरी लापरवाही स्थानीय स्तर के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हो रही है। नए कनेक्शन ऑनलाइन नहीं हो रहे हैं। इसी वजह से नए उपभोक्ता बिजली विभाग की इस व्यवस्था का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। वहीं, नए कनेक्शन वाले 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं को बिल को लेकर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसलिए नए उपभोक्ताओं का पहला बिल अधिकारी खुद बनाएं। एमडी का निर्देश मिलने के बाद जिले के बिजली अधिकारी भी अलर्ट हो गए और गलत बिल ठीक करने शुरू कर दिए।
“रविवार को जिले में सभी उपकेन्द्रों पर गलत बिल की शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसमें करीब एक हजार उपभोक्ताओं के बिल सही किए गए। एसडीओ का कहना है कि नान स्मार्ट मीटर में मीटर रीडर की वजह से गलत बिल के मामले सामने आए थे। स्मार्ट मीटर में गलत बिल आने की कोई संभावना नहीं है।” -गौरव शर्मा, एसडीओ, कुतुबखाना
