बरेली: तीन तलाक पीड़िता बोली, पति से रुपये ले चुकी है पुलिस
बरेली, अमृत विचार। तलाक पीड़ित महिला ने पुलिस पर आरोपियों से पैसे लेकर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि महिला थाने में तैनात दरोगा कह रही है कि वह खुद अपने पति को तलाशकर लाए उसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। अब महिला ने मेरा हक फाउंडेशन की …
बरेली, अमृत विचार। तलाक पीड़ित महिला ने पुलिस पर आरोपियों से पैसे लेकर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि महिला थाने में तैनात दरोगा कह रही है कि वह खुद अपने पति को तलाशकर लाए उसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। अब महिला ने मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी से मिलकर पति की गिरफ्तारी की मांग की है।
किला थाना क्षेत्र की रहने वाली तलाक पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2017 में एटा के रहने वाले कामरान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। महिला ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट महिला थाने में दर्ज कराया था। लड़के वालों ने मुकदमा खत्म कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद पति-पत्नी में सुलह के लिए दोनों को हाईकोर्ट बुलाया गया।
हाईकोर्ट में पहली तारीख पर लड़के की तरफ से कोई नहीं पहुंचा। दूसरी तारीख पर लड़के के माता-पिता पहुंचे। इस पर महिला ने पति से बात कराने को कहा तो उसके माता-पिता ने अपने फोन से बात करा दी।
आरोप है कि बात करते हुए लड़के ने फोन पर तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने की बात कह दी। इसके बाद महिला ने पति पर तीन तलाक की दूसरी रिपोर्ट महिला थाने में दर्ज करा दी। अब आरोप है कि महिला थाने में तैनात दरोगा उसके पति से पैसे लेने के बाद कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला का आरोप है कि दरोगा ने पीड़िता से ही पति को तलाशने को कहा है। इसके बाद ही वह आरोपी पति को गिरफ्तार करेगी।
