लखीमपुर खीरी: मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना मितौली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों की सोमवार की रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल बदमाश और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार बदमाशों ने ही थाना नीमगांव व मितौली क्षेत्र में लूट व चोरियों की घटना को अंजाम दिया था। 

एएसपी पश्चिमी नैपाल सिंह ने बताया कि सोमवार की रात थाना मितौली, नीमगांव की पुलिस और एसओजी टीम बदमाशों की सुरागरसी कर रहीं थीं। मुखबिर की सूचना पर टीमों ने भीकमपुर नहर पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान अजान की तरफ से नहर की ओर आ रहे बाइक पर सवार होकर चोरी, लूट, नकबजनी की घटनाओं में शामिल थाना गोला के गांव भुड़वारा निवासी इरशाद उर्फ मन्ना,  वसीउल्ला व संजय उर्फ पप्पू पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की। 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को घेर लिया। अपने आप को घिरता देखकर बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली इराशाद उर्फ मन्ना के दाहिने पैर में लग गई। पुलिस उसे सीएचसी ले गई। मौके से वसीउल्ला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि संजय उर्फ पप्पू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 1 कुंडल, कुण्डल, 1 कान का झाला, 2 पायल, 1 पीली धातू की माला, 4 बिछिया व 8000 हजार रुपये बरामद होने का दावा किया है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: परशुराम चौक से जाना जाएगा लोहिया भवन के पास का चौराहा

संबंधित समाचार