मुरादाबाद: प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से फैला आक्रोश, शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

कब्रिस्तान में चाकुओं से गोदकर की गई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सरकारी कब्रिस्तान में चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारे गए प्रापर्टी डीलर यूसुफ का शव का शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम किया गया। जहां रिपोर्ट में बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। उसके शरीर पर दो दर्जन गहरे जख्म उसके साथ हुई  बेरहमी बया कर रहे थे। शव को दौलतबाग स्थित घर पर लाया गया। शव देखकर परिवार वालों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने घर के बाहर ही शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। 

परिजन हत्यारोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सभी के अंदर हमलावरों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा था। जाम लगने से दौलतबाग-नागफनी जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागफनी अन्य थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जल्द से जल्द हत्यारोपियों को जेल भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार वाले जाम खोलने को राजी हुए। करीब तीस मिनट बाद यातायात सामान्य हो सका। दोपहर करीब दो बजे प्रापर्टी डीलर यूसुफ के शव को दौलत बाग स्थित घर लाया गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में परिवार वालों के अलावा करीबियों की भीड़ मौके पर जुटनी शुरू हो गई। मां कमर जहां तो बार-बार बेसुध हो रही थीं। तीनों बहनों का भी बुरा हाल था। भाई मोहसिन की आंखों से आंसू रुक नहीं रहे थे। बहन सना तो बदहवास थी। मोहल्ले के लोगों की भी आंखें नम थीं। सभी हत्यारोपियों को सख्त से सख्त सजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। 

एक आरोपी गया जेल, बाकी भी जल्द होंगे गिरफ्तार
एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि एक आरोपी इकराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है बाकी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद : भाजपा डरी हुई है...सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने BJP पर साधा निशाना

संबंधित समाचार