Bareilly: नॉनवेज का ठेला लगाने वाली महिला के बदमाशों ने मारी गोली, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : संजयनगर में नॉनवेज का ठेला लगाने वाली महिला की शनिवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी। थाना बारादरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक संजयनगर में श्रेया बरातघर के पास रहने वाली रूपवती (45) अपने घर के पास ही नॉनवेज का ठेला लगाती हैं। शनिवार देर रात वह ठेला बंद करके घर जाने की तैयारी कर रहीं थीं। इसी दौरान पीलीभीत बाईपास की ओर से एक बाइक पर हेलमेट लगाकर दो बदमाश आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने रूपवती की पीठ में गोली मार दी और संजयनगर श्मशान भूमि की तरफ भाग गए।

गोली लगते ही रूपवती मौके पर गिर गईं। आसपास के लोग पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ तृतीय देवेंद्र कुमार, बारादरी इंस्पेक्टर घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की।

पांच महीने पहले भी मारी गई थी गोली
परिजनों ने बताया कि रूपवती और उनके भाई में विवाद चल रहा था। 15 जून को पीलीभीत से लौटने के दौरान भतीजे रोहित ने दुर्गानगर मोड़ पर उन्हें गोली मार दी थी। गोली रूपवती के जबड़े में लगी थी। कुछ लोगों ने रोहित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन पारिवारिक मामला होने के कारण दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।

अब रूपवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस को आशंका है कि उसी रंजिश में रूपवती की हत्या की गई होगी। बारादरी इंस्पेक्टर अमित कुमार पांडेय ने बताया कि गोली लगने से महिला की मौत हुई है। परिजनों से मामले की जानकारी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: आरएसी ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ का लगाया आरोप

संबंधित समाचार